Saharanpur: चाचा की ससुराल गए युवक का शव तालाब में मिला, किनारे पर मिली थी बाइक व जूते
सहारनपुर के बेहट थानाक्षेत्र का युवक अपने चाचा की ससुराल में शादी में शामिल होने गया था। उसके जूते व बाइक तालाब के किनारे पड़े मिले। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचित किया। रविवार को पुलिस ने युवक का शव उसी तालाब से बरामद कर लिया।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में शादी समारोह में शामिल होने गया युवक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया। उसकी बाइक क्षतिग्रस्त हालत में संसारपुर गांव के तालाब में मिली। जूते भी किनारे पर रखे थे, जिन्हें पुलिस ने कब्जे में ले लिया। गोताखोरों की टीम बुलाकर युवक की तालाब में तलाश कराई गई जहां रविवार को युवक का शव तालाब से बरामद कर लिया गया। पुलिस ने मृतक के परिवार की महिला और उसके रिश्तेदार को हिरासत में ले रखा है। उनसे पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार कोतवाली बेहट क्षेत्र के गांव रतनपुर कल्याणपुर निवासी बंटी (25) पुत्र मांगेराम तीन नवंबर की शाम थाना फतेहपुर क्षेत्र के गांव अल्लीवाला में चाचा की ससुराल में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसके बाद वह घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने जानकारी, तो पता चला, कि बंटी शाम के वहां से बाइक लेकर घर जाने के लिए चला गया था।
यह भी पढ़ें: UP: मेरठ में बोले कृषि राज्य मंत्री बलदेव सिंह औलख-किसानों को नही होने देंगे खाद की कमी
शुक्रवार की शाम संसारपुर गांव में ग्रामीणों ने तालाब में पुल के नीचे एक बाइक पड़ी देखी, जो क्षतिग्रस्त हालत में थी। उस पर नंबर प्लेट भी नहीं थी। किनारे पर जूते भी रखे थे। सूचना मिलने पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची और बाइक व जूतों को कब्जे में ले लिया। इसका पता चलने पर बंटी के परिजन पुलिस से मिले।
उन्होंने बाइक और जूतों की शिनाख्त की। इसके बाद कोतवाली प्रभारी निरीक्षक शनिवार की शाम मौके पर पहुंचे। पंप लगाकर तालाब से पानी निकाला गया। गोताखोरों की टीम बुलाकर तालाब में बंटी की तलाश शुरू कराई गई।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार पांडेय ने बताया, कि बंटी की गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और गोताखोरों की टीम बुलाकर उसकी तलाश शुरू कराई गई लेकिन सफलता नहीं मिली। रविवार सुबह फिर से तलाश कराई गई।
रविवार को युवक का शव उसी तालाब से बरामद कर लिया गया। परिजन बंटी की हत्या की आशंका जता रहे थे। पुलिस शव को कब्जे में लेकर लढ़ौरा चौकी ले गई। परिजन भी चौकी पहुंच गए हैं। अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।