सहारनपुर: यूपी पुलिस का शर्मनाक चेहरा, सामूहिक दुष्कर्म की पीड़िता को डंडा मारकर भगाया
पीड़िता ने डीआईजी से शिकायत कर आरोप लगाया है कि शिकायत करने पर एक पुलिसकर्मी ने उसे डंडा मारकर भगा दिया। एसपी सिटी ने कहा कि वे मामले की जांच कराएंगे।
विस्तार
दो युवकों ने कार से बस स्टैंड छोड़ने का झांसा देने के बाद विवाहिता को अगवाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस ने मामले में कार्रवाई करना तो दूर डंडा मारकर थाने से उसे ही भगा दिया। पीड़िता ने डीआईजी से मामले में कार्रवाई की मांग की है।
चिलकाना थाना क्षेत्र निवासी पीड़ित विवाहिता ने डीआईजी को दिए पत्र में कहा कि पिछले दिनों वह अपने तीन वर्षीय पुत्र के साथ शहर आने के लिए चिलकाना में बस स्टैंड पर खड़ी थी। तभी बस स्टैंड पर मोहल्ले के ही दो युवक उसे मिले, जो कहने लगे कि वह भी शहर जा रहे हैं और उसे कार से महानगर के बस स्टैंड पर छोड़ देंगे।
पीड़िता ने बताया कि दोनों पर भरोसा कर वह कार में बैठ गई। आरोप है कि युवक उसे अंबाला रोड स्थित फार्म हाउस ले गए, जहां उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। उसे कई दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। किसी प्रकार वह आरोपियों के चंगुल से छूटकर निकल भागी। उसने आरोपियों के खिलाफ थाना चिलकाना में तहरीर दी, लेकिन पुलिस ने कार्रवाई नहीं की।
एसपी सिटी बोले- मामला संज्ञान में नहीं
आरोप है कि थाने में एक पुलिसकर्मी ने डंडा मारकर उसे भगा दिया। एसपी सिटी का कहना है कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है। डीआईजी से मामले की शिकायत करने की जानकारी मीडिया के माध्यम से मिली है। वह मामले को दिखवाएंगे। अगर इसमें किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही मिलेगी तो कार्रवाई की जाएगी।