Saharanpur: बरसों से खराब पड़ी थी सड़क, CM के आगमन से पहले रातों-रात हुई तैयार, विकास देख चौंके ग्रामीण
सहारनपुर के शाकंभरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के दौरे से पहले प्रशासन ने नागलमाफी गांव में रातों रात खराब सड़क को दुरुस्त कर दिया। सुबह नई सड़क देखकर ग्रामीण हैरान रह गए।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के शाकंभरी क्षेत्र में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। सिद्धपीठ शाकंभरी सिद्धपीठ में मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम को देखते हुए प्रशासनिक अमला तैयारियों में जुटा हुआ है।
अधिकारियों की देखरेख में भागूवाला से लेकर सिद्धपीठ तक पूरे मार्ग पर साफ सफाई अभियान चलाया जा रहा है। सड़क के दोनों ओर झाड़ियां कटवाई जा रही हैं और नालियों की सफाई का काम भी तेजी से कराया जा रहा है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
यह भी पढ़ें: CM Yogi Visit: सहारनपुर में आज पहुंचेंगे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, विकास कार्यों की करेंगे समीक्षा
रातों रात बना दी गई सड़क
गांव नागलमाफी में जिला पंचायत द्वार के पास खराब पड़ी सड़क को प्रशासन ने रातों रात बनाकर तैयार करा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि शाम तक यहां कच्चा और टूटा रास्ता था, लेकिन सुबह होते होते वहां पक्की सड़क तैयार मिल गई।
सुबह जब ग्रामीणों ने सड़क को देखा तो वे हैरान रह गए। लोगों का कहना है कि लंबे समय से यह सड़क खराब हालत में थी, लेकिन मुख्यमंत्री के आगमन की सूचना मिलने के बाद प्रशासन ने इसे दुरुस्त करा दिया।
दोपहर तक पहुंच सकते हैं मुख्यमंत्री
अधिकारियों के अनुसार मुख्यमंत्री के दोपहर करीब ढाई बजे तक शाकंभरी पहुंचने की संभावना है। यहां वे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे और अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री सिद्धपीठ शाकंभरी देवी मंदिर में पूजा अर्चना भी करेंगे। प्रशासन का कहना है कि सभी व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जा रहा है ताकि मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान किसी भी प्रकार की कमी न रह जाए।