UP: अवैध खनन की सूचना पर छापा, SDM ने मौके से जेसीबी-बाइक पकड़ी, माफिया हरियाणा की तरफ भागे
Saharanpur News : अवैध खनन की सूचना मिलने पर एसडीएम और सीओ ने छापा मारा। वहीं, पुलिस को देखकर माफिया मौके से भाग निकले। टीम ने मौके से जेसीबी और एक बाइक पकड़ी है।
विस्तार
सहारनपुर में यमुना नदी में रात के अंधेरे में अवैध खनन किया जा रहा था। सूचना मिलने पर एसडीएम-सीओ ने छापा मारा। इस दौरान माफिया और उनके लोग खुदाई में प्रयोग की जा रही मशीनों व वाहनों को लेकर भाग निकले। मौके से एक जेसीबी व बाइक मिली हैं, जिन्हें जब्त कर लिया गया।
गुरुवार की रात दो बजे यूपी की सीमा में आकर हरियाणा के माफिया द्वारा रसूली घाट के पास अवैध खनन कराया जा रहा था। इसकी सूचना मिलते ही एसडीएम दीपक कुमार व सीओ रुचि गुप्ता फोर्स लेकर मौके पर पहुंचे। पानी के दूसरी तरफ होने की वजह से माफिया पुलिस प्रशासन की गाड़ियों को देखकर अपनी मशीनों और वाहनों को लेकर हरियाणा की तरफ भाग निकले। हड़बड़ाहट में एक जेसीबी मशीन और बाइक मौके पर छूट गई।
ट्रैक्टर पर बैठकर जब तक एसडीएम व सीओ खनन किए वाली जगह पहुंचे, तब तक माफिया और उनके लोग भाग चुके थे। मौके से मिली जेसीबी मशीन और बाइक को जब्त कर लिया गया है।
यह भी पढ़ें: मचा हड़कंप: कांस्टेबल बेटी ने उठाया खौफनाक कदम, परिजनों को नहीं हुआ यकीन, बिलखते हुए उन्नाव के लिए रवाना
एसडीएम ने बताया कि अवैध खनन करने वाले माफिया को चिन्हित किया जा रहा है। उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। उधर, इस संबंध में जिला प्रशासन को भी रिपोर्ट भेजी गई है।
यह भी पढ़ें: लहू मांगे इंसाफ: ये पांच लाशें चीख-चीखकर दे रहीं गवाही, पर पुलिस की जांच में हुआ बड़ा खेल, पढ़ें पूरी रिपोर्ट