UP: एक्शन मूड में SSP, इंस्पेक्टर और एसएसआई को किया सस्पेंड, इस बड़ी लापरवाही के बाद हुई कार्रवाई
Saharanpur News : जिले में दो पुलिस अधिकारियों पर गाज गिरी है। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने इंस्पेक्टर और एसएसआई को सस्पेंड कर दिया है। इस बड़ी लापरवाही के बाद यह कार्रवाई हुई है।
विस्तार
सहारनपुर में विवेचना में लापरवाही बरतने पर एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कोतवाली सदर बाजार के इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम और एसएसआई दीपक कुमार को निलंबित कर दिया है। आत्महत्या और एक नाबालिग लड़की के मामले में इन पर विवेचना में लापरवाही बरतने का आरोप है। एसएसपी ने वायरलैस सैट पर ही दोनों को निलंबित करने के आदेश दिए। यह ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है।
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि पिछले वर्ष कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में एक महिला ने आत्महत्या की थी। इसके बाद महिला के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी। मामले की जांच कोतवाली सदर बाजार इंस्पेक्टर प्रमोद गौतम व एसएसआई दीपक कुमार कर रहे थे। इसके तहत इन्होंने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया, जबकि दूसरे को नहीं पकड़ा। उसे बचाने की कोशिश की गई और अदालत में चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर ली।
उधर, पीड़ित पक्ष ने एसएसपी से मामले की शिकायत की, जिसके बाद एसएसपी ने मामले की दोबारा जांच कराई, जिसमें इंस्पेक्टर और एसएसआई की लापरवाही उजागर हुई। आरोप है कि वादी पक्ष की इंस्पेक्टर और एसएसआई ने सुनवाई नहीं की। इसके साथ ही एक किशोरी के मामले में भी इन्होंने लापरवाही बरती। उसके परिजन कई बार थाने गए और एसएसपी के कार्यालय पर भी आए। एसएसपी के निर्देश देने के बाद भी मामले में कोई कार्रवाई नहीं की। इसी के चलते एसएसपी ने दोनों को निलंबित कर दिया है।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक हादसा: बुझे तीन घरों के चिराग, हर तरफ मचा कोहराम, सदमे में तीनों परिवार
एसएसपी ने बताया कि इंस्पेक्टर को आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कई बार निर्देश दिए गए। इसके बाद भी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई। एसएसपी ने वायरलैस सैट पर मौखिक रूप से दोनों को निलंबित किया, जिसका ऑडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हो रहा है। एसएसपी ने मामले की जांच एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक को सौंपी है।
यह भी पढ़ें: Meerut: माहौल बिगाड़ने का प्रयास, असामाजिक तत्वों ने की शहीद स्मारक पर की तोड़फोड़, ग्रामीणों में आक्रोश
स्पा सेंटरों में मिली थी पुलिस की मिलीभगत
वहीं, पिछले दिनों एसएसपी के निर्देश पर एसपी सिटी के साथ तीन टीमों ने कोतवाली सदर बाजार क्षेत्र में स्पा सेंटरों पर छापा मारा था। यहां अनैतिक कार्य होने की सूचना मिली थी। एसएसपी ने पुलिस की मिलीभगत होने पर हसनपुर चौकी इंचार्ज और घंटाघर की किशनपुरा चौकी इंचार्ज को निलंबित किया था।