UP: पूर्व MLC हाजी इकबाल के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज, DIG ने घोषित किया था 50 हजार का इनाम
सहारनपुर समाचार : पूर्व MLC हाजी इकबाल के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज किया गया है। इससे पहले DIG ने हाजी इकबाल पर 50 हजार का इनाम घोषित किया था।
विस्तार
सहारनपुर में पूर्व एमएलसी व खनन माफिया हाजी इकबाल उर्फ बाल्ला के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज किया गया है। मिर्जापुर पुलिस ने न्यायालय में पेश नहीं होने पर हाजी इकबाल के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं 50 हजार के इनामी खनन माफिया को पुलिस तलाशने में लगी है। अदालत से उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट और कुर्की नोटिस जारी होने की कार्रवाई हो चुकी है। अब पुलिस उसकी कुर्की करने की कार्रवाई की तैयारी में लगी है।
हाजी इकबाल के खिलाफ मिर्जापुर, बेहट, सदर बाजार, महिला थाना समेत अन्य कई थानों में दुष्कर्म, धमकी देकर जमीन पर कब्जा करना, अवैध खनन करना, लूट, डकैती, धोखाधड़ी आदि संगीन अपराधों में करीब 30 मुकदमे दर्ज है। अनेक मामलों में पुलिस को उसकी तलाश है। उस पर डीआईजी की ओर से 50 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। उसके चारों बेटे अब्दुल वाजिद, जावेद, अलीशान, अफजाल और छोटा भाई हाजी महमूद अली भी जेल में बंद हैं।
यह भी पढ़ें: खतौली उपचुनाव : रालोद-सपा गठबंधन के प्रत्याशी मदन भैया ने दाखिल किया नामांकन पत्र, बोले-एकजुटता से मिलेगी जीत
हाजी इकबाल के खिलाफ इसी वर्ष जून में उनके सहयोगी रहे रविंद्र की ओर से मिर्जापुर थाने पर धोखाधड़ी कर जमीन पर कब्जा करने का मामला दर्ज कराया गया था। इस मामले में पुलिस ने हाजी इकबाल के कोर्ट में पेश नहीं होने पर एमपी एमएलए स्पेशल कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किए। इसके बाद भी वह कोर्ट में पेश नहीं हुआ। जिस पर गत माह अदालत ने उसके खिलाफ कुर्की नोटिस जारी किए थे।
मिर्जापुर पुलिस ने कुर्की नोटिस उसके मकान पर चस्पा किया था, जिसमें एक माह में कोर्ट में पेश होने को कहा गया था। कुर्की नोटिस जारी होने के बाद भी निर्धारित अवधि में हाजी इकबाल अदालत में पेश नहीं हुआ। जिस पर मुकदमे के विवेचक एसएसआई सुनील शर्मा की ओर से मिर्जापुर थाने पर हाजी इकबाल के खिलाफ कोर्ट की अवमानना का मामला दर्ज कराया गया है।
यह भी पढ़ें: Meerut: 20 मिनट में वारदात को दिया अंजाम, 50 मीटर दूरी पर सोते रहे इंस्पेक्टर, देखिए मौके की तस्वीरें
मिर्जापुर थाने पर हाजी इकबाल के खिलाफ न्यायालय की अवमानना का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अब उसकी कुर्की लेने की कार्रवाई की तैयारी में है। इसके लिए कोर्ट में प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया है। - सूरज रॉय, एसपी देहात