छह साल की सजा: इंटरव्यू में बोला था शातिर, मेरा बाप बदमाश था, मैं भी बदमाश हूं, बनना चाहता हूं खलनायक
Saharanpur News : अदालत ने शातिर बदमाश को छह साल के कारावास और 20 हजार रुपये के अर्थदंड की सजा सुनाई है। शातिर बदमाश नदीम ने एक इंटरव्यू में कहा था कि मेरा बाप बदमाश था, मैं भी बदमाश हूं। कहा था कि खलनायक बनना चाहता हूं। मैं संजय दत्त हूं।
विस्तार
सहारनपुर में अपर सत्र न्यायाधीश कक्ष संख्या 11 अलोक शर्मा ने पुलिस पार्टी पर जान से मारने की नीयत से तमंचे से गोली चलाने के आरोपी नदीम उर्फ बिल्लू सांडा को छह वर्ष के कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
सहायक शासकीय अधिवक्ता अमित त्यागी ने बताया कि छह जनवरी 2017 को थानाध्यक्ष कुतुबशेर जितेंद्र सिंह कालरा दबिश देने के लिए पुलिस पार्टी के साथ जा रहे थे, तभी मुखबिर ने सूचना दी कि दो दिन पहले हवालात तोड़ कर भागा 62 फूटा रोड थाना कुतुबशेर निवासी नदीम उर्फ बिल्लू सांडा गांव सब्दलपुर की ओर से मोटरसाइकिल पर आ रहा है। पुलिस पार्टी मौके पर पहुंच कर उसका इंतजार करने लगी।
वहीं, सामने से मोटरसाइकिल पर आ रहे नदीम उर्फ बिल्लू सांडा को पुलिस ने रोकना चाहा तो उसने पुलिस पार्टी पर तमंचे से फायर कर दिया। पुलिस पार्टी ने खुद को बचाते हुए बल प्रयोग कर नदीम उर्फ बिल्लू सांडा को पकड़ लिया। पुलिस ने उसके खिलाफ मामला दर्ज कर आरोप पत्र दाखिल किया।
इस मामले की सुनवाई के उपरांत साक्ष्यों और गवाहों के आधार पर दोषी पाते हुए नदीम उर्फ बिल्लू सांडा को पुलिस पर फायरिंग करने पर हत्या के प्रयास के मामले में छह वर्ष के कारावास और 20 हजार रुपये अर्थदंड की सजा सुनाई है।
यह भी पढ़ें: Murder: पुलिस चौकी से 50 मीटर की दूरी पर वारदात, बेटे-पोती को बनाया बंधक, बुजुर्ग दंपती पर बरसाईं गोलियां
मेरा बाप बदमाश था, मैं भी बदमाश हूं
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने बताया कि नदीम उर्फ बिल्लू सांडा को पुलिस और अभियोजन पक्ष की सशक्त पैरवी के चलते सजा मिली है। वह शातिर अपराधी है। पुलिस की गिरफ्त में आने पर उसने मीडिया को इंटरव्यू दिया था, जिसमें उसने कहा था कि मेरा बाप बदमाश था, मैं भी बदमाश हूं, मुझे बदमाशी का शौक है, खलनायक बनना चाहता हूं, मैं भी संजय दत्त हूं। उसका यह इंटरव्यू सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था।
यह भी पढ़ें: बेडरूम में मर्डर: गोलियों की आवाज से दहल उठे लोग, व्यापारी ने चीख-चीखकर तोड़ा दम, खतरनाक इरादे से आए थे बदमाश