Saharanpur: जमीन के बंटवारे में भाई बना दुश्मन! तहेरे भाई को मारी गोली, युवक गंभीर घायल
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र के टाबर गांव में जमीन के बंटवारे को लेकर हुए विवाद में तहेरे भाई ने युवक को गोली मार दी। युवक मोंटी गंभीर रूप से घायल हो गया है, पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सहारनपुर के नकुड़ क्षेत्र में पैतृक जमीन के बंटवारे ने एक परिवार में ऐसा तकरार पैदा किया कि मामला गोली चलने तक पहुंच गया। गांव टाबर में बीती रात हुई फायरिंग में मोंटी पुत्र मनोज गंभीर रूप से घायल हो गया है।
ग्रामीणों के मुताबिक मनोज पुत्र जेलदार का अपने छोटे भाई संदीप से पैतृक जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। गुरुवार रात इसी विवाद को लेकर कहासुनी बढ़ी और मारपीट हो गई।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 4 जुलाई को आपके शहर में क्या हुआ
घायल के चाचा प्रमोद ने कोतवाली में तहरीर देकर आरोप लगाया कि संदीप, कुलदीप (पुत्र जेलदार) और अखिल (पुत्र संदीप) ने घर में घुसकर गाली-गलौज व मारपीट की और इसी दौरान अखिल ने तमंचे से फायरिंग कर दी, जिससे गोली मोंटी के चेहरे पर लग गई।
घटना के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पड़ोसियों के शोर मचाने पर परिजन मोंटी को लेकर सीएचसी पहुंचे, जहां से उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।
पुलिस ने प्रमोद की तहरीर पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जानलेवा हमले का मुकदमा दर्ज कर लिया है और मामले की छानबीन जारी है।