चलती ट्रेन में दिनदहाड़े लूटपाट: बदमाशों ने चार चात्रियों को चाकू मारकर किया घायल, फिर कूदकर हुए फरार, दहशत
Loot In Train: उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में बेखाैफ बदमाशों ने दिनदहाड़े चलती ट्रेन में लूट को अंजाम दिया। बदमाशों ने चार यात्रियों को चाकू मारकर घायल कर दिया और नगदी व मोबाइल आदि लूटकर ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
विस्तार
सहारनपुर में बेखौफ बदमाशों ने जनसेवा एक्सप्रेस में चाकू मारकर चार यात्रियों से दिन-दहाड़े लूटपाट की। बदमाशों ने विरोध करने पर चार यात्रियों को चाकू मारकर घायल कर दिया। नगदी और मोबाइल फोन लूटने के बाद बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। बदमाशों ने जगाधरी और सहारनपुर के बीच वारदात को अंजाम दिया। जीआरपी और आरपीएफ ने घायलों को उपचार दिलाया है। अज्ञात बदमाशों के खिलाफ कोतवाली जीआरपी रिपोर्ट दर्ज की गई है। वारदात बुधवार दोपहर को हुई।
जगाधरी और सहारनपुर के बीच की लूटपाट
ट्रेन संख्या 14619 अमृतसर सहरसा जनसेवा एक्सप्रेस दोपहर 12:15 बजे हरियाणा के जगाधरी रेलवे स्टेशन से रवाना हुई। इसी दौरान तीन बदमाश चाकू लेकर ट्रेन में सवार हो गए। ट्रेन के चलने के बाद बदमाशों ने जगाधरी और सहारनपुर के बीच यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें:UP News: मेरठ का बीजू मैथ्यू... जिसने 300 परिवारों को बनाया ईसाई, 30 परिवारों ने ऐसे की हिंदू धर्म में वापसी
बदमाशों ने सबसे पहले मधेपुरा गणेशपुर त्रिपुरा टोला निवासी यात्री विवेक कुमार, दिलखुश कुमार, नेपाली कुमार, दीवानों कुमार से नगदी और मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर चारों पर चाकू से वार कर घायल कर दिया। जब अन्य यात्रियों ने शोर मचाया तो बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए।
चारों पीड़ित मजदूरी करते हैं, जो व्यास से बरौनी जा रहे थे। वारदात से जीआरपी और आरपीएफ में हड़कंप मच गया। ट्रेन के सहारनपुर पहुंचते ही घायल यात्रियों को अस्पताल में ले जाकर प्राथमिक उपचार दिलाया गया है। बदमाशों को पकड़ने के लिए जीआरपी की तीन टीमों को उच्चाधिकारियों ने लगाया है।
20 मिनट सहमें रहे यात्री, बदमाश करते रहे लूटपाट
बदमाश करीब 20 मिनट ट्रेन के अंदर रहे। ट्रेन के चलते ही तीनों बदमाशों ने चाकू निकाल लिए और यात्रियों से लूटपाट शुरू कर दी है। विवेक कुमार, दिलखुश कुमार, नेपाली कुमार, दीवानों से सबसे पहले लूट की। इससे यात्री दहशत में आ गए। कुछ यात्रियों ने हौंसला दिखाते हुए शोर मचा दिया, जिसके बाद बदमाश चलती ट्रेन से कूदकर फरार हो गए। यात्रियों ने बदमाशों की फोटो खींचने की भी कोशिश की। बदमाशों के हौंसले इतने बुलंद थे कि, उनको पुलिस का जरा भी खौफ नहीं था। 20 मिनट कोच में सवार महिलाएं बच्चे और अन्य यात्री दहशत में रहे।
सीसीटीवी की फुटेज खंगाल रही जीआरपी
बताया जा रहा है कि बदमाश जगाधरी रेलवे स्टेशन से ही सवार हुए हैं। इसलिए जीआरपी जगाधरी रेलवे स्टेशन की फुटेज खंगाल रही है। इस वारदात को लेकर जीआरपी के उच्चाधिकारियों ने भी संज्ञान लिया है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान की कोशिश की जा रही है, लेकिन फिलहाल जीआरपी को कोई सफलता नहीं मिली है।