छुटमलपुर (सहारनपुर)। पुंवारका में राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना किए जाने की मांग को लेकर चल रहा ग्रामीणों का धरना एसडीएम सदर के आश्वासन दिए जाने के बाद फिलहाल स्थगित कर दिया गया। हालांकि ग्रामीणों ने होली न मनाने का निर्णय लिया।
बता दें कि पुंवारका में ग्रामीण पिछले पांच दिन से धरना दे रहे हैं। ग्रामीणों की मांग है कि सहारनपुर में बनने वाले राज्य विश्वविद्यालय की स्थापना पुंवारका में की जाए। सोमवार को एसडीएम सदर अनिल कुमार धरनारत ग्रामीणों के बीच पहुंचे। जहां उन्होंने ग्रामीणों की बात शासन तक पहुंचाने का आश्वासन देकर धरना स्थगित करा दिया गया। ग्राम प्रधान राजकुमार सिंह, मदन सिंह, संदीप राणा, अनूप राणा, पवन सिंह, अजीत राणा, अमित मुसैल, श्याम सिंह, सूरजभान सिंह, मनोज राणा, गुरबख्श लाल, सोनू त्यागी, नागेंद्र राणा, मोहकम सिंह चौहान, विपिन सिंह आदि ने एसडीएम को ज्ञापन सौंप कर पुंवारका में विश्वविद्यालय की स्थापना कराने की मांग की। साथ ही ग्रामीणों ने बताया कि वे इस बार विरोध स्वरूप होली नहीं मनाएंगे। यदि पांच दिन के अंदर कोई ठोस निर्णय शासन द्वारा पुंवारका में राज्य विश्वविद्यालय बनाने के लिए नहीं लिया जाता तो धरना फिर से शुरू कर दिया जाएगा।