सहारनपुर। जिले के आठ हॉट स्पॉट पर पुलिस का कड़ा पहरा रहा। प्रशासन और पुलिस ने सुबह हॉट स्पॉट वाले इलाके में दूध, दही, फल और सब्जियों का वितरण करवाया। सेक्टर मजिस्ट्रेट और सेक्टर पुलिस की व्यवस्था लागू होने से हॉट स्पॉट एरिया में लोग कैद हैं। देहात के गंगोह और रामपुर मनिहारान के कुछ क्षेत्रों को हॉट स्पॉट में बीती रात तब्दील करने के बाद शुक्रवार को प्रशासन ने लोगों को जरूरी समान मुहैया कराया। वहीं, गंगोह, रामपुर मनिहारान और चिलकाना क्षेत्र में तो लोगों ने कोरोना पॉजिटिव केस आने के बाद कई गांव के बाहर बल्लियां लगाकर बाहरी लोगों का प्रवेश प्रतिबंधित कर दिया है। वहीं, लॉकडाउन की राहत अवधि के दौरान जरूरत के समान लोग शुक्रवार को जुटाते रहे।
जनपद में हॉट स्पॉट की वजह से सामान्य दिनों की अपेक्षा लोगों की मुश्किलें बढ़ीं हैं। दिनचर्या प्रभावित हुई है। आवाजाही पूरी तरह से इन इलाकों में बंद हैं। पुलिस के अलावा पीएसी की तैनाती भी की गई है। सुबह सहारनपुर के ढोलीखाल, लोहानी सराय, माहीपुरा, याहियाशाह, पक्का बाग, हबीबगढ़, दूमझेड़ा, माहेश्वरी कला के अलावा गंगोह के बाढ़ीमाजरा और चंदपुरा के अलावा रामपुर मनिहारान के चार मोहल्ला दरवाजा कलां, पिपलतला, सराय, महक को पूरी तरह से सील किया गया है। एसडीएम एसएन शर्मा, सीओ यतेन्द्र नगर, नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी आरसी मौर्य आदि ने बैठक करके किरयाना का समान, फल, दूध की सप्लाई की लिस्ट तैयार कराने के बाद राहत सामग्र वितरित किया गया, जबकि चारों मोहल्लों के सभी मुख्य मार्गोँ पर अवरोधक लगा दिया गया है। दूसरी ओर, चिलकाना क्षेत्र के गांव दुमझेड़ा और नल्हेड़ा में हॉट स्पॉट के दूसरे दिन गांव में सन्नाटा पसरा रहा। लोग घरों में कैद रहे। किसान गांवों से बाहर नहीं निकल पाएं। मजिस्ट्रेट गोपेश्वर तिवारी व थाना प्रभारी अमित शर्मा ने बताया कि गांव में आवाजाही की पाबंदी है।

रामपुर मनिहारान के सील किए मुहल्ले को बल्ली लगा कर किया गया बंद- फोटो : SAHARANPUR