मेरठ: झगड़े में बीच-बचाव करने पहुंची पुलिस पर तलवार से हमला, हेड कांस्टेबल का हाथ कटा
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका में घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस पर युवक ने तलवार से हमला कर दिया। हेड कांस्टेबल घायल हो गए।
विस्तार
मेरठ के पल्लवपुरम थाना क्षेत्र की व्यास वाटिका में रविवार दोपहर घरेलू विवाद की सूचना पर पहुंची पीआरवी पुलिस टीम पर एक युवक ने तलवार से हमला कर दिया। हमले में हेड कांस्टेबल हरेंद्र का हाथ कट गया। साथी पुलिसकर्मियों ने उन्हें लहूलुहान हालत में निजी अस्पताल में भर्ती कराया। वारदात के बाद आरोपी अपने घर में छिप गया। पुलिस ने देर रात घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
दो भाइयों के विवाद की सूचना पर पहुंची थी पुलिस
सीओ दौराला शिव ठाकुर के अनुसार, व्यास वाटिका निवासी राकेश ने पुलिस हेल्पलाइन पर सूचना दी थी कि उसका भाई अमरजीत उसके साथ मारपीट कर रहा है। घरेलू विवाद की शिकायत मिलने पर पीआरवी पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। पुलिसकर्मियों ने अमरजीत को पूछताछ के लिए बुलाया तो उसने अचानक तलवार निकाल ली और हेड कांस्टेबल हरेंद्र पर हमला कर दिया।
यह भी पढ़ें: Meerut: भाई दूज पर नमो भारत की बढ़ेगी रफ्तार, दिल्ली-मेरठ कॉरिडोर पर चलेंगे 32 अतिरिक्त फेरे
बचाव में हाथ आगे किया तो तलवार से कटा
अचानक हुए हमले से बचने के लिए हेड कांस्टेबल हरेंद्र ने अपना हाथ आगे कर दिया। तलवार लगने से उनका हाथ कट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी पुलिसकर्मियों ने तुरंत उन्हें अस्पताल पहुंचाया। हमले के बाद पुलिसकर्मियों ने आरोपी को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौके से निकलकर अपने मकान में घुस गया और अंदर से गेट बंद कर लिया।
घर में छिपे आरोपी को देर रात दबोचा
आरोपी के घर में छिपने और दरवाजा नहीं खोलने की जानकारी मिलने पर पल्लवपुरम थाना पुलिस अतिरिक्त बल के साथ मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल हेड कांस्टेबल को अस्पताल भिजवाने के बाद आरोपी की तलाश और घेराबंदी शुरू की। काफी मशक्कत के बाद देर रात अमरजीत को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। मामले में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।