नागल (सहारनपुर)। क्षेत्र के गांव बोहडूपुर में होलिका दहन की जमीन को लेकर चल रहे विवाद के निस्तारण के लिए एसडीएम और सीओ ने राजस्व टीम के साथ सोमवार को गांव पहुंचे। यहां उन्होंने संभावित स्थलों का जायजा लिया। हालांकि अभी तक जमीन का चयन नहीं हो सका है।
ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी को बताया था कि उनके गांव में बीते कई वर्षों से होलिका दहन करने के लिए जमीन नहीं है। पिछले वर्ष भी राजस्व टीम ने अस्थायी रूप से जगह चिह्नित कर होलिका दहन कराया था। वायदा किया था कि अगले वर्ष तक स्थायी रूप से भूखंड का इंतजाम कर दिया जाएगा। एक वर्ष तक जमीन का इंतजाम राजस्व विभाग नहीं करा पाया। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसडीएम देवबंद राकेश कुमार, सीओ रजनीश उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक रिजवान अली, हलका लेखपाल भारी पुलिस बल के साथ गांव के पंचायतघर पहुंचे। जहां पर ग्रामीणों से वार्ता कर उनसे जमीन के लिए सलाह मांगी। इस पर ग्रामीणों ने दो जगह ग्राम समाज की जमीन बताई। इस पर अधिकारी मौके पर पहुंचे और भूखंड का जायजा लिया। काफी मशक्कत के बावजूद प्रशासनिक अधिकारी होलिका दहन के लिए जमीन चिह्नित नहीं कर सके। इसके बाद अधिकारी लौट गए। उधर, एसडीएम राकेश कुमार का कहना है कि जल्द गतिरोध दूर करके समस्या का निस्तारण करा दिया जाएगा। संवाद