सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने नगर निगम के अधिकारियों को दिल्ली रोड स्थित औद्योगिक क्षेत्र में पानी की निकासी का उचित प्रबंध करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में आवश्यकता के अनुसार नाली का निर्माण कराया जाए। कार्यों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।
कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला उद्योग बंधु की बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि उद्योग बंधु की बैठकों में पारित निर्णयों का समय से अनुपालन कराया जाए। अधिकारी आपसी समन्वय स्थापित कर समस्याओं के निराकरण में तेजी लाएं। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने बताया कि कामधेनु औद्योगिक क्षेत्र के निकट कुबेर कांपलेक्स में पानी की निकासी के लिए नाली एवं सड़क निर्माण कराया गया है। औद्योगिक क्षेत्र दिल्ली रोड से जो रास्ता ग्राम मनोहरपुर को जाता है उसके बीच राजकीय माध्यमिक विद्यालय के सामने मोहल्ले के कुछ लोगों ने अपनी नालियों का गंदा पानी छोड़ रखा है। इससे करीब 80 प्रतिशत रास्ता खराब हो गया है। डीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि तत्काल समस्या का निस्तारण कराया जाए और कार्रवाई कर अवगत कराएं। उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ कुमार यादव ने बताया कि जिला पंचायत गुरुदेव नगर की पीएंडटी सेंटर अंबाला रोड क्षेत्र में 18 निर्यातक इकाइयां स्थापित हैं। इस क्षेत्र की इकाइयों के लिए पांच हाईमास्ट लाइट एवं 20 एलईडी/स्ट्रीट लाइटें लगवाने और क्षेत्र में पानी की निकासी के लिए नालियों की व्यवस्था कराई जानी है। इस दौरान संबंधित प्रशासनिक अधिकारी, एलडीएम राजेश चौधरी, आईआईए के चैप्टर चेयरमैन रविन्द्र मिगलानी, राजेश सपरा, केएल अरोड़ा, संजीव अरोड़ा, केआर सिंघल, प्रमोद सड़ाना, सरदार हरजीत सिंह आदि मौजूद रहे।