UP: अखिलेश ने सीएम योगी पर साधा निशाना, कहा- गोरखपुर में खत्म न होते मुकदमे तो लंबी होती चार्जशीट की फेहरिस्त
Nikay Chunav 2023 : अखिलेश यादव ने आज सहारनपुर में निकाय चुनाव के लिए रोड शो किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखने को मिला।
विस्तार
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि बसपा का लक्ष्य भाजपा को हराना नहीं है, बल्कि सपा को रोकना है। भाजपा का काम नफरत फैलाना है। स्मार्ट सिटी सिर्फ नाम की है। अरबों रुपये स्मार्ट सिटी के नाम पर भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ गए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए अखिलेश ने कहा कि गोरखपुर में अपने ऊपर दर्ज मामलों को सीएम खत्म न कराते तो चार्जशीट की फेहरिस्त बहुत लंबी होती। आसपा प्रमुख चंद्रशेखर बोले कि परिवर्तन जरूर आएगा।
सहारनपुर में मंडी समिति रोड स्थित एक सभागार में पत्रकार वार्ता के दौरान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने जनता से नगर निकाय चुनाव में सपा, आसपा और रालोद गठबंधन प्रत्याशियों को विजयी बनाने की अपील की। कहा कि भाजपा सरकार छह वर्षों में सपा सरकार के कार्यों को ही पूरा नहीं करा पाई है। आज जो बिजली मिलती है, उसके लिए सपा सरकार ने काम किया था।
शहर में किया रोड शो
अखिलेश यादव ने मंगलवार को महापौर पद के प्रत्याशी नूर हसन मलिक और पार्षद पदों के प्रत्याशियों के लिए महानगर में रोड शो किया। इस दौरान सपा प्रत्याशियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक में उत्साह का माहौल दिखा।
सपा ने चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में ताकत झोंक दी थी। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने बताया कि अखिलेश यादव आज वायुयान से सरसावा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह कार के माध्यम से सहारनपुर पहुंचे हैं। वहीं, दोपहर बाद उनका रोड शो थाना कुतुबशेर से प्रारंभ हुआ। रेंच के पुल, पुल कंबोहान और रायवाला होते हुए खाताखेड़ी स्थित वुडेन सिटी में रोड शो कर सपा प्रत्याशियों का प्रचार किया गया।
यह भी पढ़ें: Nikay Chunav 2023: सहारनपुर में मंत्रियों और विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर, इन तीन नामों पर टिकी निगाहें
मंत्रियों व विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर
नगरीय निकाय चुनाव निर्याणक मोड़ पर आ गया है। सहारनपुर में इस चुनावी रण में राज्यमंत्री दिनेश खटीक, बृजेश सिंह के अलावा विधायक आशु मलिक की प्रतिष्ठा दांव पर है।
बता दें कि जिले में दो मंत्रियों व एक विधायक के परिजन और परिचित चुनाव मैदान में है। इनके अलावा पूर्व विधायकों के लिए भी निकाय चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। उन्होंने ने भी कस्बों की सरकार बनाने के लिए अपने परिजनों और परिचितों को चुनाव लड़ा रहे हैं।
2765 कर्मचारी कराएंगे मतदान
नगरीय निकाय चुनावों में मतदान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर निगम में मतदान के लिए 553 मतदान स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान स्थल पर एक पीठासीन अधिकारी सहित पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनके अलावा दस प्रतिशत कर्मचारी अतिरिक्त रहेंगे। नगर निगम चुनाव में मतदान कराने के लिए 2765 कर्मचारी लगाए जाएंगे।
सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम चुनाव में 621450 मतदाताओं के लिए 553 मतदान स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान स्थल पर पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें एक पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी, तृतीय मतदान अधिकारी और चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल होंगे। मतदान के लिए 2765 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इनके अलावा 271 कर्मचारियों को अतिरिक्त रखा जाएगा।
उन्होंने बताया कि मतदान कर्मचारियों को मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए 125 वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। इनमें 112 बड़ी बसें और 13 मिनी बसें शामिल होंगी। इनके अलावा दो बसों को आरक्षित रखा जाएगा।