Exclusive News एक्सक्लूसिव खबरें
Free E-Paper फ्री में ई-पेपर पढ़ें
ऐप डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   New political developments surrounding the Owaisi-Chandrashekhar alliance: who stands to lose and who stands to gain

Saharanpur News: ओवैसी-चंद्रशेखर गठबंधन पर नई सियासत, किसे नुकसान-किसे फायदा

Sat, 14 Nov 2026 01:03 AM IST
मेरठ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, सहारनपुर Updated Sat, 14 Nov 2026 01:03 AM IST
विज्ञापन
New political developments surrounding the Owaisi-Chandrashekhar alliance: who stands to lose and who stands to gain
सहारनपुर। प्रदेश की राजनीति में असदुद्दीन ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का गठबंधन नए सियासी समीकरण बना रहा है। दोनों नेताओं की राजनीतिक पृष्ठभूमि अलग-अलग है, लेकिन अब साथ आकर प्रदेश की राजनीति में अपनी जगह मजबूत करने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल है कि इस गठबंधन से जिले में किसे नुकसान और किसे फायदा हो सकता है। खास बात यह है कि जिस गठबंधन को दलित-मुस्लिम एकता के नए प्रयोग के रूप में देखा जा रहा है, वही विपक्षी वोटों में बिखराव की वजह बनकर भाजपा को फायदा पहुंचा सकता है।
विज्ञापन


सपा के पीडीए फॉर्मूले को चुनौती
सपा ने पीडीए यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण के सहारे अपनी राजनीति को विस्तार दिया है। इसमें मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका है। ऐसे में ओवैसी की मौजूदगी सपा के लिए चुनौती बन सकती है। पिछले दिनों ओवैसी की शहर में हुई सभा में उमड़ी भीड़ ने उनकी लोकप्रियता दिखाई थी। अगर मुस्लिम मतदाताओं का एक हिस्सा एआईएमआईएम की तरफ जाता है तो सपा को नुकसान हो सकता है। वहीं, चंद्रशेखर की वजह से दलित युवाओं का एक वर्ग भी सपा से दूरी बना सकता है। जिले में मुस्लिम और दलित मतदाता निर्णायक भूमिका निभाते हैं।
विज्ञापन


बसपा की बढ़ सकती है मुश्किल
चंद्रशेखर की राजनीति का मजबूत आधार दलित और युवा वर्ग रहा है। 2017 में हुए शब्बीरपुर कांड के बाद उनकी पहचान तेजी से बढ़ी और नगीना की जीत ने उनके राजनीतिक कद को और मजबूत कर दिया। ऐसे में बसपा के लिए भी यह गठबंधन चिंता का विषय बन सकता है। खासकर उन दलित युवाओं के बीच, जो चंद्रशेखर को एक नए राजनीतिक विकल्प के रूप में देख रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


कांग्रेस पर भी असर
ओवैसी और चंद्रशेखर गठबंधन कांग्रेस के लिए भी चुनौती बन सकता है। सहारनपुर में कांग्रेस सांसद इमरान मसूद मुस्लिम मतदाताओं के बीच मजबूत पहचान रखते हैं। 2024 में उनकी लोकसभा जीत में विपक्षी वोटों की एकजुटता की अहम भूमिका रही थी। ऐसे में ओवैसी की एआईएमआईएम मुस्लिम मतदाताओं के सामने अलग विकल्प पेश करती है, जिससे कांग्रेस के वोट बैंक पर असर पड़ सकता है।

भाजपा को मिल सकता है फायदा
इस गठबंधन का सबसे दिलचस्प पहलू भाजपा को मिलने वाला संभावित फायदा है। अगर ओवैसी मुस्लिम वोटों में सपा की हिस्सेदारी कम करते हैं और चंद्रशेखर दलित वोटों में सपा-बसपा को नुकसान पहुंचाते हैं तो विपक्षी मतों का बंटवारा भाजपा को राहत पहुंचा सकता है। हालांकि दलित और मुस्लिम मतदाता एकजुट होकर गठबंधन के पक्ष में मतदान करते हैं तो भाजपा के सामने चुनौती हो सकती है।


यह कहते हैं आंकड़े
2022 विधानसभा चुनाव में भाजपा ने सहारनपुर जिले की सात में से पांच सीटें जीती थीं, जबकि सपा को दो सीटें मिली थीं। नकुड़ में भाजपा के मुकेश चौधरी ने सपा के धर्म सिंह सैनी को महज 315 वोटों से हराया था। सहारनपुर नगर में भाजपा की जीत का अंतर 7,434 और देवबंद में 7,104 वोट रहा। ये तीनों सीटें बताती हैं कि यहां थोड़े से वोटों का बंटवारा भी नतीजे बदल सकता है।
दूसरी तरफ बेहट में सपा के उमर अली खान ने भाजपा के नरेश सैनी को 37,880 वोटों से और सहारनपुर देहात में आशु मलिक ने भाजपा के जगपाल सिंह को 30,745 वोटों से हराया था। रामपुर मनिहारान में भाजपा ने बसपा को 20,593 वोटों से और गंगोह में सपा को 23,449 वोटों से हराया था। नकुड़, सहारनपुर नगर और देवबंद में विपक्षी वोटों का बंटवारा भाजपा के लिए फायदेमंद हो सकता है, जबकि बेहट और सहारनपुर देहात में गठबंधन अगर वोटों को एकजुट करने में सफल रहा तो भाजपा के सामने चुनौती बढ़ सकती है।

यह बोले राजनीति दलों के पदाधिकारी
- बसपा जिलाध्यक्ष रजनीश बंधु का कहना है कि दलित वोट बसपा के साथ है। इस गठबंधन से संदेश यह जा रहा है कि बसपा को हराने के लिए दो दल एक साथ हुए हैं। बसपा को कोई नुकसान नहीं है।
- सपा जिलाध्यक्ष अब्दुल वाहिद का कहना है कि जनता अब समझ चुकी है। ओवैसी के साथ कोई मुस्लिम नहीं है। इस गठबंधन से सपा को कोई नुकसान नहीं होगा।
- कांग्रेस जिलाध्यक्ष संदीप राणा का कहना है कि वोटरों को भ्रमित करने के लिए यह गठबंधन हुआ है। दोनों ही दल भाजपा की बी टीम हैं। इस गठबंधन से वह साबित हो गया।

- भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह राणा का कहना है कि विपक्षी दलों ने पहले भी भाजपा के खिलाफ एकजुट होकर चुनाव लड़ा था। तब भी भाजपा ने बड़े अंतर से जीत दर्ज कराई थी। भाजपा का अपना कोर वोटर है। इस गठबंधन से कोई फर्क नहीं पड़ेगा।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

Followed