सहारनपुर। रालोद की बैठक में सोनकर एवं राजभर समाज के लोगों ने शम्मी भारद्वाज और रिंकू सोनकर के नेतृत्व में पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। उन्होंने राष्ट्रीय लोकदल लोक संकल्प समिति के सदस्य चौधरी नीरपाल सिंह के समक्ष पार्टी में शामिल होने की घोषणा की।
हकीकत नगर स्थित कैंप कार्यालय पर आयोजित बैठक में चौधरी नीरपाल सिंह ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल किसानों, मजदूरों और गरीबों की पार्टी है। इसमें सभी वर्गों, जाति, धर्म के लोगों को पूरा सम्मान होता है। उन्होंने कहा कि रालोद में शामिल होने वालों को पूरा मान सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन 2022 में होने वाले चुनाव में जीत हासिल करेगा। गठबंधन सरकार में किसानों को न्याय, बेरोजगारों को रोजगार, मातृशक्ति को सुरक्षा सहित सभी सुविधाएं मिलेगी। शम्मी भारद्वाज और रिंकू सोनकर ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल की विचारधारा को घर घर तक पहुंचाकर जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत किया जाएगा। इस दौरान पंकज सोनकर, रोहित राजभर, सुरेश कुमार, राजकुमार, संजय कुमार, सपन कुमार, राजू भारद्वाज, कमल भारद्वाज, पिंटू सोनकर, सोनी, जय कुमार, अनिल कुमार, सतीश वाल्मीकि, अजय चौधरी, नरेंद्र चौधरी आदि मौजूद रहे।