सहारनपुर: खनन माफिया ने घेरी नायब तहसीलदार की टीम, जबरदस्ती डंपर छुड़ाया, जिलाधिकारी को सौंपी रिपोर्ट
Saharanpur News : खनन माफिया ने नायब तहसीलदार की गाड़ी और उनकी टीम को घेर लिया, जिसके बाद पहले से पकड़े गए डंपर को वहीं पर खाली करा दिया और चालक को हरियाणा की तरफ डंपर लेकर भगा दिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सहारनपुर में अधिकारियों की तमाम कोशिश के बाद भी अवैध खनन रुकने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात के समय चेकिंग के लिए पहुंचे नायब तहसीलदार और उनकी टीम को खनन माफिया, डंपर व ट्रक चालकों ने घेर लिया और गाली-गलौज की। यहां तक कि जिस डंपर को टीम ने पकड़ा था, उसे जबरदस्ती सड़क पर खाली कराकर टीम के सामने ही हरियाणा की तरफ भगा दिया। नायब तहसीलदार की तरफ से पूरे मामले की रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई है।
नायब तहसीलदार नितिन कुमार ने बताया कि बीती रात उनकी टीम सरसावा थाना क्षेत्र के शाहजहांपुर-चिलकाना मार्ग पर चेकिंग के लिए पहुंची थी। तभी वहां पर खनिज सामग्री से भरे डंपर को रुकवाया गया। टीम ने डंपर चालक से खनन से संबंधित कागज मांगे, लेकिन उसके पास कागज नहीं मिले। चालक ने नायब तहसीलदार और उनकी टीम के साथ नोकझोंक शुरू कर दी। इसी बीच उसके कई अन्य साथी पीछे से डंपर और ट्रक में वहां आ गए। चालकों ने नायब तहसीलदार की गाड़ी और उनकी टीम को घेर लिया, जिसके बाद पहले से पकड़े गए डंपर को वहीं पर खाली करा दिया और चालक को हरियाणा की तरफ डंपर लेकर भगा दिया। टीम के साथ गाली-गलौज भी की गई। किसी तरह पुलिस को सूचना दी गई। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची सभी ट्रक व डंपर चालक वहां से फरार हो गए। हालांकि बाद में चार डंपरों को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया, जिनके पास कोई भी कागज नहीं थे। वह अवैध रूप से खनिज सामग्री ला रहे थे।
वीडियो हुआ वायरल, मचा हड़कंप
जिस समय नायब तहसीलदार और उनके टीम के साथ अभद्रता की जा रही थी तभी किसी ने उसका वीडियो बना लिया। जो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो वायरल होते ही अधिकारियों में भी हड़्कंप मच गया। अवैध रूप से खनिज सामग्री लाने वालों से लेनदेन के मामले में सरसावा थाने में तैनात एक कांस्टेबल का नाम भी आ रहा है।
दो बहनों को भी कुचल चुके हैं डंपर
अवैध रूप से ट्रकों एवं डंपर में खनिज भरकर लाने वाले वाहन सरसावा क्षेत्र में दुर्घटनाओं का कारण भी बन रहे हैं। इसी माह की शुरुआत में ही एक डंपर की चपेट में आने से दो बहनों की मौत हो गई थी। उस समय भी ग्रामीणों ने काफी हंगामा किया था। फिर भी पुलिस की मिलीभगत से इन पर रोक नहीं लग पा रही।
यह भी पढ़ें: मेरठ: पाकिस्तान से आई हूं, मुंबई जाना है; पासपोर्ट हो गया चोरी, एक कॉल से मचा हड़कंप, एलआईयू ने ऐसे की पहचान
नायब तहसीलदार के नेतृत्व में टीम गई थी। अवैध रूप से खनन सामग्री लाने वालों ने टीम के साथ अभद्रता की और वहां से फरार हो गए। इस मामले में कानूनी कार्रवाई कराई जा रही है। - युवराज सिंह, एसडीएम सदर
यह भी पढ़ें: नहीं देखा होगा इतना डेंजर दृश्य: गीदड़ को पूरा निगल गया अजगर, फिर मुंह से निकाला बाहर, ग्रामीण रह गए सन्न