Meerut: गंगनहर पुल पर देर रात मुठभेड़, 25 हजार का ईनामी घायल, भागते-भागते पुलिस के हत्थे चढ़ा
सहारनपुर के बड़गांव क्षेत्र में गंगनहर पुल के पास पुलिस और 25 हजार रुपये के ईनामी आरोपी के बीच मुठभेड़ हुई। जवाबी कार्रवाई में आरोपी घायल हो गया, जिसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के बड़गांव थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात पुलिस और एक 25 हजार रुपये के ईनामी आरोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस के अनुसार घेराबंदी के दौरान आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस दल पर गोली चलाई, जिसके बाद जवाबी कार्रवाई में वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल
थानाध्यक्ष नरेंद्र कुमार भढाना के अनुसार पुलिस को सूचना मिली थी कि कई मामलों में वांछित चल रहा ईनामी आरोपी गय्युर पुत्र सज्जाद, निवासी सोनचिड़ा, थाना नागल, सर्विस रोड से होकर गुजरने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गंगनहर पुल के पास घेराबंदी कर निगरानी शुरू कर दी। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे एक मोटरसाइकिल सवार संदिग्ध युवक आता दिखाई दिया।
यह भी पढ़ें:कातिल बंदर: पिंकी पर बंदरों के झुंड ने बोला हमला, महिला की मौके पर ही मौत; पति ने लगाई ये गुहार, देखें VIDEO
पुलिस का कहना है कि जब संदिग्ध को रुकने का संकेत दिया गया तो उसने मोटरसाइकिल मोड़कर भागने की कोशिश की। आरोप है कि इसी दौरान उसने पुलिस दल पर गोली चला दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। गोली लगते ही वह मोटरसाइकिल समेत सड़क पर गिर पड़ा और पुलिस ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
हथियार और मोटरसाइकिल बरामद
पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से एक देशी तमंचा, एक खोखा कारतूस, तीन जिंदा कारतूस और एक चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की गई है। घायल आरोपी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
कई मामलों में दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बड़गांव, नागल तथा आसपास के अन्य थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। इनमें संगठित अपराध निवारण से जुड़े मामले और अन्य गंभीर आरोप भी शामिल बताए जा रहे हैं।
प्रारंभिक पूछताछ में पुलिस को आरोपी के एक संगठित गिरोह से जुड़े होने की जानकारी मिली है। पुलिस अब उसके नेटवर्क और सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटा रही है।
गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी
क्षेत्राधिकारी अभितेष सिंह ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है। उसके संपर्कों और गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी एकत्र की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है।