नानौता (सहारनपुर)। कस्बे में 28 वर्षीय विवाहिता ने ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आ कर पंखे पर चुन्नी से फांसी का फंदा बना कर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने पति सहित पांच ससुरालियों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज किया है।
नगर के मोहल्ला सरावज्ञान निवासी सतपाल वर्मा के बड़े बेटे सोनू वर्मा की 28 वर्षीय पत्नी राजकुमारी का शव बृहस्पतिवार की सुबह साढे़ पांच बजे कमरे में लगे पंखे से बने चुन्नी के फंदे से लटका मिला। मृतका के इकलौते आठ साल के बेटे कन्हैया ने मां को पंखे पर चुन्नी से लटके हुए देखा तो शोर मचाते हुए परिजनों को बताया। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को नीचे उतरा। सूचना के बाद मायके से पहुंचे लोगों ने मृतका के ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। पुलिस ने समझा-बुझाकर उचित कार्रवाई का भरोसा दिला सभी को शांत किया। मृतका के भाई राजेश वर्मा पुत्र संदल सिंह वर्मा निवासी सरफाबाद नोएडा ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बहन राजकुमारी की शादी नानौता निवासी सोनू के साथ वर्ष 2004 को हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराली दहेज के लिए उसकी बहन को प्रताड़ित करते थे। आरोप है कि मृतका ने ससुरालियों के उत्पीड़न से तंग आ कर आत्महत्या की है। पुलिस ने मृतका के पति सोनू, सास, ससुर, देवर, देवरानी के विरुद्ध संबंधित धारा में रिपोर्ट दर्ज करते हुए शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। उधर थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि महिला के आत्महत्या मामले में भाई की तहरीर पर पांच लोगों के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों को जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।