सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि जनपद में 30 जून को मंडल स्तरीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। इस मेले के माध्यम से पांच हजार युवाओं को रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में 30 जून को प्रस्तावित रोजगार मेले के संबंध में बैठक आयोजित की गयी। जिलाधिकारी ने कहा कि रोजगार मेला आईटीआई परिसर में आयोजित किया जाएगा। रोजगार मेले में बड़ी संख्या में कंपनियां भागीदारी करेंगी। इस मेले में मंडल के तीनों जनपदों के युवा शामिल होंगे। उन्होंने जिला सेवायोजन अधिकारी को निर्देश दिए कि इस मेेले की सूचना रोजगार कार्यालय में पंजीकृत सभी अभ्यर्थियों को उपलब्ध करा दी जाए, साथ ही अधिक से अधिक उद्योगों के प्रतिनिधियों को इस मेले के लिए आमंत्रित किए जाएं। उन्होंने उपायुक्त उद्योग को निर्देश दिए कि नए लोगों को उद्योग सृजन के लिए प्रोत्साहित किया जाए। उन्होंने विश्व कौशल दिवस पर 15 जुलाई को बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार, परियोजना प्रबंधक नगरीय विकास अभिकरण रामजीलाल, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ यादव, सेवायोजन अधिकारी डॉक्टर सुशील कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।