पीड़िता ने इशारों में बताई आपबीती: मंदबुद्धि युवती को बनाया हवस का शिकार, फिर बरात में हो गया शामिल, गिरफ्तार
सहारनपुर जनपद के सरसावा क्षेत्र निवासी एक मंदबुद्धि युवती अचानक चीखने चिल्लाने लगी तो पड़ोसन बाहर निकली। उसने देखा कि एक युवक युवती के घर से बाहर निकल रहा था और युवती घर में बदहवास पड़ी हुई थी। यह देख महिला ने शोर मचा दिया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के सरसावा थाना क्षेत्र में सहकारी चीनी मिल के पास एक गांव में बारात में आए युवक ने मानसिक रूप से कमजोर युवती के साथ दुष्कर्म कर डाला। इसके बाद आरोपी बारात में शामिल हुआ, जहां से मौका देखकर फरार हो गया। पता लगते ही पुलिस, फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। आरोपी की तलाश शुरू की गई। पुलिस ने आरोपी व उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
मामला बुधवार देर शाम का है। सहकारी चीनी मिल के समीप स्थित एक गांव में शादी थी। बारात पड़ोसी राज्य हरियाणा के एक गांव से आई हुई थी। दुल्हन के घर के समीप ही मानसिक रूप से कमजोर एक युवती अपने दो भाइयों के साथ रहती है। दोनों भाई मेहनत मजदूरी कर गुजर बसर करते हैं। जिसके कारण युवती सुबह से शाम तक घर में अकेली रहती है।
बुधवार शाम को समय पड़ोस में रहने वाली चाची ने युवती की चीखने-चिल्लाने की आवाज सुनी तो वो आवाज की दिशा में जाने लगी। इसी बीच महिला ने एक युवक को तेजी से युवती के घर से निकलते देखा। यह देख महिला ने शोर मचा दिया। जब तक लोग इकट्ठा होते युवक बारात में शामिल हो गया तथा कुछ ही देर में वहां से भी खिसक लिया।
जब मामले में तूल पकड़ा तो पुलिस मौके पर पहुंची तथा महिला के बताए हुलिए के आधार पर युवक की तलाश करने लगी परंतु युवक गायब मिला। पुलिस की पूछताछ में मानसिक रूप से कमजोरी युवती हने इशारों में अपने साथ हुई दरिंदगी के विषय में बताया।
जानकारी मिलते ही पुलिस ने महिला कांस्टेबल के साथ पीड़ित युवती को थाने भेजा। युवती के भाई की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी और उसके एक साथी को गिरफ्तार किया है। अग्रिम कार्रवाई की जा रही है।