सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित रोहित विहार के श्री शिव मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ हुआ। इससे पूर्व बैंडबाजों संग मंगल कलश यात्रा निकाली गई। इस दौरान धार्मिक धुनों से वातावरण भक्तिमय हो गया।
सोमवार को श्री शिव मंदिर से शोभायात्रा निकाली गई, जो क्षेत्र में भ्रमण करने के बाद मंदिर पहुंचकर संपन्न हुई। कथा व्यास आचार्य संतोष कुकरेती ने विधि-विधान से पूजा अर्चना कराकर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि श्रीमद्भागवत का अनुसरण करने वाले व्यक्ति का कल्याण होता है। प्रभु की कृपा से ही श्रीमद्भागवत सुनने का अवसर मिलता है। इस दौरान पंडित आशीष कुकरेती, पंडित मुकेश कुकरेती, पंडित अजय, गुड्डी देवी, संगीता देवी, सुधा धीमान मौजूद रहे।