UP: कैराना सांसद इकरा हसन पर फिर से अभद्र टिप्पणी, सोशल मीडिया पर पोस्ट किया वीडियो, RLD कार्यकर्ताओं में रोष
कैराना सांसद इकरा हसन पर अभद्र टिप्पणी की गई। इससे रालोद कार्यकर्ताओं में रोष फैल गया। उन्होंने आरोपी युवक पर कार्रवाई की मांग की है।
विस्तार
रालोद प्रदेश उपाध्यक्ष हाजी सलीम कुरैशी के नेतृत्व में इमरान, फुरकान मंसूरी, नफीस मलिक, दानिश कुरैशी, मेहताब चौधरी, इकराम चौधरी, नबाब राव, गयूर चौधरी आदि ने सीओ से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो अपलोड की गई है, जो तेजी के साथ वायरल हो रही है।
यह भी पढ़ें: UP: कोहरे और धुंध से पहले रेलवे का बड़ा फैसला, 16 ट्रेनें रहेंगी रद्द, तीन माह यात्रियों को झेलनी होगी परेशानी
इसमें कुछ युवक कैराना सांसद इकरा हसन के लिए बेहद ही अशोभनीय और अभद्र भाषा का इस्तेमाल करते हुए गाली गलौज करते दिखाई दे रहे हैं। सीओ ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
रालोद जिलाध्यक्ष शाहजमां खान ने कहा कि सांसद इकरा हसन के प्रति की गई अभद्र टिप्पणी की वह और पूरी पार्टी कड़े शब्दों में निंदा करती है। महिला किसी भी दल से जुड़ी हो या किसी भी पद पर आसीन हो, उसका अपमान अस्वीकार्य और निंदनीय है। आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।