सहारनपुर। महानगर में बाजोरिया मार्ग स्थित एक अस्पताल में मरीज की मौत पर हंगामा हो गया। चिकित्सक ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि मरीज के एक तीमारदार ने उनके साथ अभद्रता की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में लिया, जबकि दूसरा पक्ष इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहा है।
थाना जनकपुरी इंस्पेक्टर आरके नागर ने बताया कि बाजोरिया मार्ग स्थित एक अस्पताल में सहारनपुर देहात क्षेत्र का एक मरीज भर्ती था, जिसकी उपचार के दौरान मौत हो गई। इस मामले में चिकित्सक ने पुलिस को सूचना दी कि मरीज के परिवार का एक व्यक्ति उनके साथ अभद्रता करते हुए हंगामा कर रहा है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और एक आरोपी को हिरासत में लिया है। इस पर मरीज के परिवार से एक व्यक्ति ने अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है, जबकि मरीज के परिवार की ओर से तहरीर नहीं दी गई, लेकिन चिकित्सक ने अभद्रता और गाली-गलौज करने का आरोप लगाते हुए तहरीर दी है, जिस पर पुलिस ने एक को हिरासत में लिया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले से उच्चाधिकारियों को भी अवगत कराया गया है। सूचना मिली थी कि अस्पताल में तोड़फोड़ भी की गई, लेकिन ऐसी कोई बात सामने नहीं आई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।