सहारनपुर। ठंड से लोग कंपकंपा रहे हैं, मगर नगर निगम अलाव की पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पा रहा है। नगर निगम के अधिकारी 13 जगहों पर अलाव जलाने का दावा कर रहे हैं, मगर हकीकत इससे परे है। अमर उजाला की टीम ने सोमवार को बताए गए 13 स्थानों की पड़ताल की तो ज्यादातर जगहों पर अलाव नजर नहीं आए।
नगर निगम ने 17 दिसंबर से 17 ही स्थानों पर अलाव जलाने की योजना बनाई थी, मगर बारिश के साथ ओलावृष्टि और पहाड़ों पर बर्फ पड़ने की वजह से अचानक ठंड बढ़ गई है। निगम अधिकारियों का कहना है कि दो दिन से 13 स्थानों पर अलाव जलाए जा रहे हैं। 13 स्थानों में महाराजा अग्रसेन चौक, घंटाघर, कोर्ट रोड स्थित दीवानी कचहरी के सामने, चिलकाना बस अड्डा, बेहट बस अड्डा, सपना टाकीज, कल्पना टाकीज, गुरुद्वारा रोड स्थित मुसाफिर खाने के पास, जिला अस्पताल, कमिश्नर कैंप कार्यालय आदि शामिल रहे। अमर उजाला टीम ने सोमवार को अलाव की पड़ताल की। सोमवार की करीब साढ़े सात बजे गुरुद्वारा रोड, महाराजा अग्रसेन चौक, दीवानी कचहरी के बाहर और कलक्ट्रेट पर कोई अलाव जलता नहीं मिला। अस्थाई रैन बसेरे के बाहर कुछ लकड़ी जलती मिली। लोगों ने बताया कि यह लकड़ी रविवार को डाली गई थी।

निगम के दावे हवा: दीवानी कचहरी गेट पर कोई अलाव नहीं दिखा।- फोटो : SAHARANPUR

निगम के दावे हवा:महाराजा अग्रसैन चौक पर कोई अलाव नहीं- फोटो : SAHARANPUR

निगम के दावे हवा: कुतूबशेर थाना स्थित मुसाफिर खाना पर कोई अलाव नहीं- फोटो : SAHARANPUR