सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण पर तेजी से नियंत्रण पाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को सैंपल जांच में ओर तेजी लाने के निर्देश दिए। जिन क्षेत्रों में संक्रमित मरीजों की संख्या अधिक है, वहां सैंपल जांच को अभियान के तौर पर चलाया जाए। उन्होंने देवबंद क्षेत्र में संक्रमण जांच बढ़ाने के निर्देश दिए।
सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में कोविड-19 के संबंध में समीक्षा बैठक में डीएम ने कहा कि कोरोना वायरस संक्रमण की जांच के लिए जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका सभासदों और चेयरमैन आदि का सहयोग लिया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि कलक्ट्रेट और विकास भवन में आने वाले लोगों की भी कोविड-19 की जांच कराई जाए। उन्होंने जिला पंचायतराज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद को ग्रामीण क्षेत्रों में सोडियम हाईपो क्लोराइड का लगातार छिड़काव कराने के निर्देश दिए। साथ ही इसके लिए ग्रामीणों को भी जागरूक किया जाए। उन्होंने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि कोविड-19 के कार्यों की ड्यूटी में पूरी तरह से स्वस्थ लोगों को लगाया जाए। जो लोग पहले से किसी अन्य बीमारी से ग्रस्त हों, उन्हें इससे दूर रखा जाए। उन्होंने कहा कि कोविड-19 की गाइड लाइन का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कडी कार्रवाई की जाए और मास्क न लगाने वालों से दंड वसूला जाए।