सहारनपुर में मुठभेड़: गैंगस्टर रिहान कुरैशी घायल, पैर में लगी गोली
सहारनपुर के चिलकाना क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। गैंगस्टर रिहान कुरैशी पैर में गोली लगने से घायल हुआ। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
थाना प्रभारी चंद्रसेन सैनी अपनी टीम के साथ सुबह करीब 4.30 बजे दुमझेडा-घोड़ा पिपली मार्ग पर वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। तभी घोड़ा पिपली की ओर से एक बिना नंबर की बाइक आती दिखाई दी। जब पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो बाइक सवार भागने लगा।
भागते समय बदमाश बाइक से फिसल कर गिर पड़ा। इसके बाद उसने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें रिहान कुरैशी के पैर में गोली लग गई। उसे तुरंत जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
पकड़े गए बदमाश की पहचान मोहल्ला मजहरहसन निवासी रिहान कुरैशी पुत्र इमरान कुरैशी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके पास से 315 बोर का तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार रिहान कुरैशी चिलकाना थाने का गैंगस्टर है और उस पर पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।