सहारनपुर। सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पीड़िता एक अन्य महिला और बच्चों सहित एसएसपी कार्यालय के बाहर धरने पर बैठ गई। महिला थाने की पुलिस टीम ने महिला को धरने से उठाने की कोशिश की तो हंगामा कर दिया। काफी देर तक पुलिस से खींचतान चली। महिला ने कहा कि जब तक इंसाफ नहीं मिलेगा, वह नहीं उठेगी और अपनी जान दे देगी। काफी देर की मशक्कत और कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद महिला धरने से उठकर गई।
नगर कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ले की निवासी इस महिला ने बताया कि मई में दो लोगों ने उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। उसने आरोप लगाया कि पुलिस ने आरोपियों पर कार्रवाई की बजाय उस पर ही केस वापस लेने और समझौते का दबाव बनाया। उसने कहा कि इसी माह कुछ दिन पहले नगर कोतवाली के दो दरोगा सहित अन्य पुलिसकर्मी उनके क्षेत्र में आए थे। आरोप है कि इन्होंने इस मामले में गवाही देने वालों को भी चेतावनी दी। चौकी इंचार्ज पर कार्रवाई की मांग के बावजूद उसमें भी कुछ नहीं हुआ। महिला ने बताया कि वह पहले भी धरना दे चुकी है। मगर उसकी सुनवाई नहीं हो रही है। चर्चा यह भी है कि महिला अपने कपड़ों पर मिट्टी का तेल डालकर आई थी, हालांकि पुलिस ने इससे इंकार किया है। उधर, महिला थाना प्रभारी सरिता सिंह ने उसे शांत करने का काफी प्रयास किया। बाद में नगर कोतवाल आरके सिंह भी पहुंचे। आरोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन मिलने के बाद ही महिला शांत हुई। इस मामले में एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने महिला को प्रकरण की सही विवेचना करने और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।