UP: औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने मारा छापा, बिना लाइसेंस के संचालित मिला गोदाम, 35 लाख की दवाएं सीज
Saharanpur News : सहारनपुर में औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने दवाओं के गोदाम पर छापा मारा। बताया गया कि बिना लाइसेंस के दवाओं का गोदाम संचालित था। टीम ने 35 लाख की दवाएं सीज की।
विस्तार
सहारनपुर में थाना देहात कोतवाली क्षेत्र की अग्रसेन वाटिका में औषधि प्रशासन विभाग की टीम ने बिना लाइसेंस दवाओं के गोदाम पर छापा मारा। इस दौरान टीम ने 35 लाख की दवाएं सीज करते हुए पांच सैंपल लिए। जिन्हें जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा।
सहायक आयुक्त औषधि प्रशासन दीपक शर्मा ने बताया कि कुछ दिन से सूचना मिल रही थी कि बेहट रोड अग्रसेन वाटिका में एक गोदाम से बिना लाइसेंस दवा की बिक्री की जा रही है। इसके बाद उन्होंने चार सदस्यीय टीम गठित की। जिसमें वह और सहारनपुर औषधि निरीक्षक लवकुश प्रसाद, मुजफ्फरनगर से पवन कुमार शाक्य व शामली डीआई निधि पांडेय शामिल थे।
टीम ने शुक्रवार दोपहर बाद बिना लाइसेंस के दवाइयों का अवैध भंडारण करने वाले गोदाम पर छापा मारा। यह गोदाम योगिता पत्नी अनुज गुप्ता निवासी गगोत्री विहार के नाम संचालित होता मिला। गोदाम में लाखों रुपये कीमत की दवाओं का स्टॉक मिला। इसके बाद टीम ने गोदाम संचालक से लाइसेंस की जानकारी ली गई। इस पर वह लाइसेंस नहीं दिखा पाए। पुलिस बल की मौजूदगी में दवाओं का मिलान कराया गया। इसके बाद 35 लाख रुपये की दवा को सीज कर दिया गया। इसके साथ ही जांच के लिए एंटीबायोटिक सहित पांच दवाओं का सैंपल लिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: आखिर क्यों टूटा SP-RLD का गठबंधन? वजह बता गए अखिलेश, बोले- जब रालोद जीरो पर थी, उस वक्त हमने मिलाया था हाथ
पहले भी पकड़े जा चुके बिना लाइसेंस गोदाम
जिले में बिना लाइसेंस के दवाओं की बिक्री की जा रही है। ऐसा नहीं है कि पहली बार बिना लाइसेंस के दवाओं का गोदाम संचालित होता मिला। इससे पूर्व भी किशनपुरा में बिना लाइसेंस के गोदाम पकड़ा गया था। इसके बावजूद संचालक लाइसेंस नहीं ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें: सनसनीखेज वारदात: सोनीपत के दो बच्चों की हत्या, बागपत में मिले शव, मां और उसके करीबी पर जताया जा रहा शक