'ईला' की मौत: पुलिस विभाग में छाया मातम, SSP ने अर्थी को दिया कंधा, घटनाओं के खुलासे में निभाई थी अहम भूमिका
Saharanpur News : सहारनपुर में ईला (श्वान) की मौत से पुलिस विभाग में मातम छा गया। एसएसपी ने ईला को कंधा दिया और पुलिस लाइन में शोक सलामी दी गई।
विस्तार
सहारनपुर में कई बड़ी घटनाओं का खुलासा करने में मदद करने वाली पुलिस की डॉग स्क्वायड ईला (श्वान) की लंबी बीमारी के चलते मौत हो गई। उसकी मौत पर पुलिस लाइन में शोक सलामी दी गई। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा समेत कई अधिकारियों ने अर्थी को कंधा दिया। शहीद स्मारक पर पुष्प चक्र अर्पित कर सलामी दी।
13 जनवरी 2016 को जन्मी ईला ने नेशनल ट्रेनिंग सेंटर फॉर डॉग्स के बीएसएफ ट्रेनिंग सेंटर टेकनपुर ग्वालियर मध्य प्रदेश से ट्रेनिंग प्राप्त की थी। इसके बाद 17 सितंबर 2017 में सहारनपुर पुलिस लाइन में लाया गया था। ईला ने कई घटनाओं का खुलासा करने में अहम भूमिका निभाई। उसके निधन पर अधिकारियों से लेकर कर्मचारियों तक की आंखें भर आईं।
बुधवार को पुलिस लाइन में शहीद स्मारक के पास ईला का पार्थिव शरीर रखा गया। एसएसपी डॉ. विपिन ताडा, एसपी सिटी अभिमन्यु मांगलिक, एसपी ट्रैफिक सिद्धार्थ वर्मा आदि ने शोक सलामी दी। पुलिस बेड़े से एक डॉग स्क्वायड कम हो गया। वर्ष 2022 में थाना मंडी क्षेत्र में जूता व्यापारी की पिस्टल व पर्स चोरी हो गया था। उस घटना का खुलासा करने में ईला का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
यह भी पढ़ें: जघन्य हत्याकांड: शामली के इतिहास में ऐसा पहली बार...जब किसी कातिल को हुई फांसी, आंखों में आंसू और परिजन बोले..
कई अपराधियों को पकड़वाने में ईला का अहम रोल
एसएसपी डॉ. विपिन ताडा ने कहा कि डॉग स्क्वायड दल में शामिल ईला के बीमार होने पर उसका इलाज चल रहा था। कई घटनाओं में जब पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल रहा था तब ईला ने अहम रोल अदा कर अपराधियों को गिरफ्तार कराने में मदद की।
यह भी पढ़ें: साढ़े चार वर्ष बाद मिला इंसाफ: भजन गायक और परिवार के हत्यारे को फांसी की सजा, आरोपी के चेहरे पर नहीं दिखा गम