सहारनपुर। कोरोना के खतरे को देखते हुए आईएमए (इंडियन मेडिकल एसोसिएशन) भी सामने आई है। आईएमए पदाधिकारियों ने शनिवार को पत्रकार वार्ता कर कोरोना के खतरों के बारे में बताया तथा इसे लेकर फैलाई जा रही भ्रांतियों को दूर किया।
पत्रकार वार्ता में पहुंचे सीएमओ डॉक्टर बीएस सोढ़ी ने कहा कि बेशक कोरोना खतरा है, मगर हम छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर इस गंभीर बीमारी को भगा सकते हैं। उन्होंने लोगों को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी की गई गाइड लाइन को अपनाने की सीख दी। उन्होंने जिले में तैयारियों के बारे में भी बताया। सीएमएस डॉक्टर एसके वार्ष्णेय ने कहा कि मास्क केवल मरीज, उसका इलाज करने वाले डॉक्टर और स्टाफ तथा परिजनों के लिए जरूरी है। अन्य सामान्य और स्वस्थ व्यक्तियों को मास्क लगाने की जरूरत नहीं है। यदि किसी को खांसी और जुकाम है तो वह थ्री लेयर मास्क लगा सकता है। खांसते और छींकते समय रुमाल या कपड़ा मुंह पर रखें। उन्होंने डॉक्टरों और तीमारदारों के लिए तैयार की गई किट का डेमो भी दिखाया। आईएमए अध्यक्ष डॉक्टर रजनीश दहूजा ने कहा कि लोगों को घबराने की जरूरत नहीं है, केवल साफ सफाई अपनाकर और बिना वजह भीड़ वाली जगहों पर ना जाकर लोग खुद को बीमारियों से बचा सकते हैं। लोगों को चाहिए कि वह अपने शरीर की सफाई रखें। हाथों को बार-बार अच्छे साबुन से धोए। मीट खाने की मनाही नहीं है, मगर मीट और अंडे को अच्छे से पका लें। अधपका मीट ना खाएं। पत्रकार वार्ता में सचिव डाक्टर सुभाष सहगल, भूतपूर्व अध्यक्ष व मीडिया प्रभारी डाक्टर कलीम अहमद, उपाध्यक्ष डाक्टर विवेक बनर्जी, डाक्टर एके चौधरी आदि मौजूद रहे।

कोरोना को लेकर जिला अस्पताल में बना आईसोलेशन वार्ड- फोटो : SAHARANPUR