गागलहेड़ी (सहारनपुर)। गुर्जर समाज की महिलाओं पर अभद्र टिप्पणी करने के मामले में बेहड़ी गुर्जर गांव में समाज की पंचायत आहूत की गई। इसमें एसपी देहात के साथ पहुंचे थाना प्रभारी ने पंचायत में खेद व्यक्त किया जिसके बाद समाज की तरफ से किए जा रहे आंदोलन को खत्म करने की घोषणा कर दी गई।
बता दें कि गुर्जर समाज के लोगों ने गागलहेड़ी थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी पर उनके समाज की महिलाओं के बारे में अभद्र टिप्पणी करने का आरोप लगाते हुए पिछले दिनों धरना प्रदर्शन किया था। इस मुद्दे को लेकर शुक्रवार को फिर गांव में गुर्जर समाज की पंचायत आयोजित की गई। इसमें पहुंचे अखिल भारतीय गुर्जर महासभा के राष्ट्रीय अध्यक्ष वीरेंद्र गुर्जर ने कहा की भारतीय संस्कृति और हमारा संविधान किसी भी समाज की भावना को आहत करने की इजाजत नहीं देता है। दोपहर बाद एसपी देहात विधा सागर मिश्र गांव में हो रही पंचायत में पहुंचे। उन्होंने समाज के लोगों से मामला निपटाने का अनुरोध किया। इसके बाद मौके पर थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी को बुलाया गया। पंचायत में एसपी देहात विद्या सागर मिश्र ने कहा की सभी के मान सम्मान की रक्षा करना पुलिस का कर्तव्य है। किसी की भावनाओं के साथ खिलवाड़ नहीं होने दिया जाएगा। इसके बाद थाना प्रभारी आदेश कुमार त्यागी ने कहा की उनकी ऐसी कोई मंशा नहीं थी, जिससे किसी की भावना आहत हो। यदि उनके शब्दों से किसी को भी पीड़ा पहुंची तो वे खेद व्यक्त करते हैं। इसके बाद पंचायत में मौजूद लोगों ने इस मुद्दे को लेकर शुरू किए गए आंदोलन को खत्म करने की घोषणा कर दी। इस दौरान अमित बहादरपुर, बिजनेश प्रधान, जगदीश प्रधान, बीर सिंह, ओमसिंह, अरुण, रविंद्र, नबाब, कुणाल राणा, अनुराग त्यागी, गौरव त्यागी, संदीप चौधरी, पिंकू पहलवान, मिंटू चौधरी, अमित शिवपुरी, अजब सिंह, सवर्ण प्रधान सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।