सहारनपुर। विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के आह्वान पर विद्युत निगम के अभियंताओं सहित अन्य कर्मचारियों ने प्रस्तावित निजीकरण के विरोध में प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम को निजी हाथों में सौंपने की तैयारी की जा रही है। जो निगम और कर्मचारियों के हित में नहीं है।
घंटाघर स्थित बिजली घर पर मंगलवार को नगरीय अधीक्षण अभियंता पंकज श्रीवास्तव के नेतृत्व में सोशल डिस्टेंसिंग के साथ प्रदर्शन किया गया। पंकज श्रीवास्तव ने कहा कि यदि निजीकरण की तैयारियां न रोकी गई तो प्रदेश भर के अभियंता और कर्मचारी आंदोलन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ समय से विद्युत निगम में हो रही निजीकरण की गतिविधियों के कारण कर्मचारियों की चिंता बढ़ रही हैं। उन्होंने बिजली संशोधन बिल 2020 और पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम के निजीकरण का प्रस्ताव वापस लेने की मांग की। सभी ने कोल इंडिया के कामगारों की ओर से निजीकरण के विरोध में चल रही हड़ताल का भी समर्थन किया गया। प्रदर्शन में विद्युत अभियंता संघ से सुरेंद्र सिंह भंडारी, रोबिन सिंह, अनिल कुमार, कार्तिक, पुलकित, आदित्य, राज्य विद्युत परिषद के जूनियर संगठन से राकेश कुमार, अजय कुमार कन्नौजिया, मितेश कुमार, प्राविधिक कर्मचारी संगठन से नितिन कुमार, नवल किशोर, प्रदीप सिंह यादव, केेपी यादव आदि रहे।