फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Saharanpur News ›   थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

Thu, 09 May 2019 11:47 PM IST
Meerut Bureau मेरठ ब्यूरो
Updated Thu, 09 May 2019 11:47 PM IST
विज्ञापन
थप्पड़ मारने वाली महिला के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
सहारनपुर। नगर निगम में लिपिक को थप्पड़ मारने वाली महिला और उसके अज्ञात साथी के खिलाफ कुतुबशेर थाने में नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। आरोपी महिला आम आदमी पार्टी में पदाधिकारी है। रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस मामले की जांच कर रही है। वहीं, लिपिक के समर्थन में उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने बैठक कर चेतावनी दी कि अगर मामले में कार्रवाई नहीं हुई, तो आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा।
विज्ञापन

बुधवार को नगर निगम के पथ प्रकाश विभाग के वरिष्ठ लिपिक के पास पहुंची महिला ने प्रार्थना पत्र देते हुए कहा था कि वह कई बार पत्र देने और गुहार लगाने के बावजूद स्ट्रीट लाइट नहीं लगाई जा रही है। वरिष्ठ लिपिक ने महिला से कहा था कि स्ट्रीट लाइट के लिए पहले अवर अभियंता को इस्टीमेट बनाकर देना होगा, तभी लाइट लगेगी। इस पर गुस्साई महिला ने प्रार्थनापत्र फाड़कर लिपिक के ऊपर फेंक दिया था और थप्पड़ मार दिया था। खास बात यह रही कि महिला के पीछे खड़ा शख्स मोबाइल फोन से इस घटनाक्रम का वीडियो बना रहा था और फिर वीडियो वायरल कर दिया गया था। बाद में वरिष्ठ लिपिक ने नगर आयुक्त सहित अन्य अधिकारियों को जानकारी देने के बाद कुतुबशेर थाना पुलिस को मामले में तहरीर दी थी। कुतुबशेर थाना प्रभारी अभिषेक सिरोही का कहना है कि वरिष्ठ लिपिक एसके भटनागर की तहरीर पर आरोपी महिला सुषमा ठाकुर निवासी लक्ष्मीपुरम गलीरा रोड सहारनपुर और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। रिपोर्ट में सरकारी कार्य में बाधा पहुंचाने, सरकारी कागजात फाड़ने, अपमानित करने के लिए थप्पड़ मारने के आरोप लगाए हैं। महिला के अलावा एक अज्ञात आरोपी भी बताया गया है, जो महिला को उकसा रहा था और वीडियो बना रहा था। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।
विज्ञापन

कर्मचारी महासंघ ने दी आंदोलन की चेतावनी
सहारनपुर। उत्तर प्रदेश राज्य कर्मचारी महासंघ ने बृहस्पतिवार को नलकूप खंड सहारनपुर के कैंपस में बैठक की, जिसमें महासंघ के जिलाध्यक्ष नीरज कुमार भटनागर ने कहा कि नगर निगम में कार्यरत लिपिक के साथ महिला द्वारा मारपीट करना निंदनीय है। नगर आयुक्त से मांग की है कि मामले में विभागीय जांच कराई जाए, ताकि पता चल सके कि इस साजिश के पीछे किसका हाथ रहा है। उन्होंने कहा कि यदि आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की गई, तो महासंघ अपने समस्त घटक संघों के साथ मिलकर आंदोलन करने के लिए मजबूर हो जाएगा। उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन के जिला मंत्री अमर गुप्ता ने कहा कि अन्याय बर्दाश्त नहीं होगा। कर्मचारी के साथ मारपीट करने वाले और इस साजिश में शामिल लोगों को सजा मिलनी चाहिए। बैठक में मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन स्वास्थ्य विभाग के जिलाध्यक्ष देव कुमार, सचिव ममता नायर, सफाई कर्मचारी संघ के जिलाध्यक्ष कर्म सिंह, उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्ट्रियल सर्विस एसोसिएशन के मंडल उपाध्यक्ष ब्रजेश कुमार, मिनिस्ट्रियल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष शिवकुमार गौतम, सचिव नीरज धीमान, मोहित कुमार, कुलदीप कुमार शर्मा, उत्तम सिंह, सतीश कुमार और हरपाल आदि मौजूद रहे।
विज्ञापन
विज्ञापन

आम आदमी पार्टी पदाधिकारी है सुषमा
नगर निगम के लिपिक को थप्पड़ मारने वाली महिला सुषमा ठाकुर आम आदमी पार्टी में पदाधिकारी है। आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष मेहरबान अली का कहना है कि सुषमा ठाकुर पार्टी में महिला विंग की जिलाध्यक्ष हैं। नगर निगम की घटना की जानकारी मिली है, लेकिन क्या मामला था और किसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई है, उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने बताया कि सुषमा ठाकुर से फोन पर भी संपर्क नहीं हो पा रहा है।

निगम अफसरों में है खलबली
थप्पड़ कांड के बाद नगर निगम के अफसरों में भी खलबली है। जिस तरह से महिला ने लिपिक को थप्पड़ मारा और मौके पर मोबाइल फोन से उसकी वीडियो बनाई गई, उससे संकेत मिल रहा है कि इसमें विभागीय राजनीति भी जुड़ी हो सकती है। राज्य कर्मचारी महासंघ ने भी यह मांग की है कि मामले की जांच के लिए नगर निगम की विभागीय टीम गठित होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके कि थप्पड़ कांड की पटकथा तैयार करने वाले कौन कौन हैं और किस उद्देश्य से यह साजिश रची गई। यदि विभागीय जांच हुई, तो उसमें कई राज खुल सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed