पुलिस ने चार नशा तस्करों को जेल भेजा
चिलकाना (सहारनपुर)। चिलकाना पुलिस ने चार नशा तस्करों को गिरफ्तार किया। इनके पास से पुलिस को 35 ग्राम स्मैक बरामद हुई है। कार्यवाहक थाना प्रभारी अनिल कुमार ने बताया कि बृहस्पतिवार देर शाम पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव दुमझेडा में मसखरा नदी के पुल के समीप कुछ लोग स्मैक की खरीद फरोख्त करने वाले हैं। चौकी इंचार्ज पठेड संजीव कुमार ने पुलिस टीम के साथ दुमझेडा पुल पर स्मैक की खरीद-फरोख्त करने वालों को घेर लिया। पुलिस ने मौके से सुनेश पुत्र ताहिर निवासी ग्राम बाढ़ी माजरा थाना गंगोह से 10.7 ग्राम स्मैक, वासीम पुत्र फजलु रहमान निवासी दुमझेडा और वासिर पुत्र कादिर निवासी दुमझेडा से 9.7-9.7 ग्राम स्मैक एवं वेसर पुत्र इकराम निवासी ग्राम दुमझेडा से 8.5 ग्राम स्मैक बरामद की। इनके पास से स्मैक तोलने के लिए प्रयुक्त होने वाले एक इलेक्ट्रानिक कांटे को भी बरामद किया गया। पुलिस ने सुनेश, वसीम, वासिर और वेसर को एनडीपीएस एक्ट में जेल भेज दिया।