गिरफ्तार: दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने सहारनपुर से धर दबोचा देश का मोस्ट वांटेड गैंगस्टर, सात लाख का था इनाम
पुलिस की मानें तो काला जठेड़ी का गैंग अभी एनसीआर में सबसे बड़ा गैंग है। काला की गिरफ्तारी पर विभिन्न राज्यों की पु़लिस की तरफ से सात लाख का इनाम घोषित किया गया था।
विस्तार
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। स्पेशल सेल ने देश के मोस्ट वांटेड गैंगेस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी को सहारनपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस कस्टड़ी से फरार होने की असफल कोशिश भी की थी। गैंगेस्टर जठेड़ी पर सात लाख रुपये का इनाम है और इस पर दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और पंजाब में कई मामले दर्ज हैं।
संदीप जठेड़ी के गैंग में 200 से ज्यादा शूटर शामिल हैं। इसके ज्यादातर शूटर विदेश में है और विदेश में बैठकर शूटर इस गिरोह को चला रहा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने काला जठेड़ी पर मकोका लगाया हुआ है और वह एक दशक से अपराध की दुनिया पर राज कर रहा है।
स्पेशल सेल डीसीपी मनीषी चंद्रा ने बताया कि स्पेशल सेल टीम काफी लंबे वक्त से काला जठेड़ी के पीछे लगी हुई थी। इस दौरान टीम ने टेक्निकल सर्विलांस की मदद से सहारनपुर से शुक्रवार को काला जठेड़ी को गिरफ्तार कर किया। आरोपी ने पुलिस से बचकर भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उसे पिस्टल से साथ मौके पर ही दबोच लिया। फिलहाल स्पेशल सेल की टीम से पूछताछ कर रही है। काला जठेड़ी को आतंक का पर्याय कहा जाने लगा था।
दिल्ली पुलिस अधिकारियों के अनुसार सोनीपत राई के गांव जठेड़ी निवासी गैंगेस्टर संदीप उर्फ काला जठेड़ी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान समेत पांच राज्यों का मोस्ट वांटेड है। 12वीं तक पढ़ा काला पहले केबल ऑपरेटर था।
जून 2009 में उसने रोहतक के सांपला में लूट के दौरान पहली हत्या की थी, जिसके बाद से उसके कारनामों की फेहरिस्त लंबी होती चली गई। काला पहले लॉरेंस बिश्नोई गैंग के लिए काम करता था, लेकिन अब वह खुद का गैंग चलाता है। इस गिरोह को काला जठेड़ी व लारेंस विश्राई कहा जाता है। पुलिस की अब तक की जांच में पता चला है कि काला नेपाल के रास्ते थाईलैंड की तरफ भागा था।
पुलिस की मानें तो काला जठेड़ी का गैंग अभी एनसीआर में सबसे बड़ा गैंग है। इस गिरोह पर गैंग पर हत्या, हत्या का प्रयास, रंगदारी, लूट और डकैती के दर्जनों मामलों को अंजाम देने के आरोप है। काला की गिरफ्तारी पर विभिन्न राज्यों की पु़लिस की तरफ से सात लाख का इनाम घोषित किया गया था।
हाल ही में सुर्खियों में आया था
काला जठेड़ी चार जून को उस समय सुर्खियों में आ गया था जब ओलंपियन सुशील कुमार ने जूनियर पहलवान सागर धनखड़ की हत्या की थी। पुलिस की जांच में ये बात सामने आई थी कि सुशील कुमार के काला जठेड़ी से संबंध है। वह उसके छोटे भाई की शादी में उसे गांव गया था।