सहारनपुर। नगर निगम के अधिकारियों ने बुधवार को वार्ड 46 में कुटिया मंदिर के पीछे तथा शकलापुरी मार्ग पर पहुंचकर विशेष सफाई अभियान चलाया। करीब एक दर्जन सफाईकर्मियों को साथ लेकर अधिकारियों ने मौके पर खड़े रहकर कचरा एकत्र कराया। जेसीबी और ट्रॉलियों के माध्यम से कचरे को हटवाया जाएगा।
कुटिया के मंदिर के पीछे, रामलीला मैदान तथा शकलापुरी मार्ग पर सूखी पड़ी नहर में कचरा डाले जाने से स्थानीय लोग परेशान हैं। वे नगर निगम अधिकारियों से शिकायत करके थक चुके हैं। इतना ही नहीं, यदि वे कचरा डालने का विरोध करते हैं तो लोग मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। अमर उजाला ने बुधवार के संस्करण में इस समस्या को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसके तुरंत बाद नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन, मुख्य सफाई निरीक्षक इंद्रपाल और सफाई निरीक्षक प्रकाश चंद सफाईकर्मियों को लेकर बुधवार सुबह मौके पर पहुंचे। नगर स्वास्थ्य अधिकारी टीम को निर्देशित कर लौट गए। वहीं, दोनों सफाई निरीक्षकों ने 12 बजे तक मौके पर खड़े रहकर सफाई कराई। नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कुनाल जैन ने बताया कि बृहस्पतिवार को जेसीबी और ट्रॉली भेजकर कचरे को उठवाया जाएगा। उन्होंने बताया कि कॉलोनियों से कचरा लाकर वहां डाल रहे हैं। ऐसे लोगों को चिह्नित कर कार्रवाई कराई जाएगी।