छुटमलपुर (सहारनपुर)। आजाद समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद का जन्मदिन उनके आवास पर धूमधाम से मनाया गया। शुक्रवार को वे 34 वर्ष के हो गए। इस दौरान राष्ट्रीय अध्यक्ष को बधाई देने वालों का सुबह से ही तांता लगा रहा। कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने चंद्रशेखर को फूलमालाओं से लादकर उनका स्वागत किया।
हरिजन कालोनी स्थित अपने आवास पर आयोजित कार्यक्रम में सबसे पहले चंद्रशेखर आजाद ने अपनी माता कमलेश देवी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद उन्होंने समर्थकों द्वारा लाए गए केक को काटा और समर्थकों की बधाई स्वीकार की। इस दौरान उन्होंने कहा कि हक और अधिकार की लड़ाई के लिए उनका संघर्ष अनवरत जारी रहेगा। कहा कि इस देश में बहुजनों को हुक्मरान बनाने के लिए आखिरी सांस तक उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने कहा कि जाति धर्म के नाम पर लोगों को बांट कर सत्ता कब्जाने वाले दल बहुजन समाज के उत्पीड़न पर उतारू हैं। इन्हें सत्ता से बाहर कर बहुजन को सत्ता के शीर्ष पर पहुंचाना होगा तभी बहुजन समाज को उनका असली हक मिल सकेगा। इस दौरान उनके साथ विधिक सलाहकार संदीप कांबोज, हाजी अहशान कुरैशी, कोर कमेटी सदस्य रविंद्र भाटी, बेहट विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष विनोद पेगवाल, कनिष्क सिंह, बेहट नगर पंचायत चेयरमैन अब्दुल रहमान, पूर्व जिपं अध्यक्ष माजिद अली, नितिन बंसल, फिरोज खान आदि काफी संख्या में लोग मौजूद रहे।

अपने जन्मदिन पर केक काटते चंद्रशेखर आजाद- फोटो : SAHARANPUR