सहारनपुर। नगर निगम ने सोमवार को प्रतिबंधित पॉलिथीन और अतिक्रमण के विरुद्घ साझा अभियान चलाया। एक ओर जहां प्रतिबंधित पॉलिथीन मिलने पर हजारों रुपये का जुर्माना लगाया गया, वहीं 17 दुकानों के सामने से अस्थाई अतिक्रमण हटवाया गया। कई अतिक्रमणकारियों से जुर्माना भी वसूला गया।
प्रवर्तन दल प्रभारी कर्नल बीएस नेगी के नेतृत्व में निगम की टीम ने सराय मरदान अली चौक, आली की चुंगी, इंदिरा चौक व 62 फीटा रोड पर प्रतिबंधित पॉलिथीन के खिलाफ अभियान चलाया। करीब 40 दुकानों पर छापे मारे गए। छह दुकानों पर प्रतिबंधित पॉलिथीन पकड़ी गई, जिसे जब्त करने के साथ ही दुकानदारों से 11 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया। 62 फुटा रोड ही पर सड़क पर ईंटें रखकर अतिक्रमण करने वाले व्यक्ति पर एक हजार रुपये जुर्माना लगाया गया। दो अन्य दुकानदारों पर गंदगी फैलाने की वजह से 500-500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। टीम में सफाई निरीक्षक प्रकाश चंद, महेश राणा, प्रवर्तन दल के हेमराज, शिव कुमार, नवाबुद्दीन, प्रवीण आदि शामिल रहे। उधर, एक अन्य टीम ने बेहट बस स्टैंड से बालाजी धाम तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। निगम की टीम को जेसीबी के साथ देखकर अतिक्रमणकारियों में खलबली रही। उन्होंने कार्रवाई से बचने के लिए अपनी दुकानों का सामान समेटकर दुकानों में कर लिया। इसके बावजूद 17 दुकानों के सामने से अस्थायी अतिक्रमण हटाया गया और भविष्य में अतिक्रमण मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई। टीम में राजस्व निरीक्षक लोकेश कुमार, सफाई निरीक्षक सोमकुमार तथा प्रवर्तन दल के नरेश चंद, प्यार सिंह, प्रदीप, पवन, जगपाल, रणदीप व विक्रम आदि शामिल रहे।