सहारनपुर। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में उच्च न्यायालय की खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर दि कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन से जुडे़ अधिवक्ताओं ने अपर जिलाधिकारी प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 37 वर्षों से खंड पीठ स्थापित किए जाने की मांग हो रही है।
अपर जिलाधिकारी प्रशासन को सौंपे ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने कहा कि इलाहाबाद उच्च न्यायालय जनपद से 700 किलोमीटर और लखनऊ खंडपीठ करीब 500 किलोमीटर दूर है। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निवासियों को अपने मुकदमों के लिए काफी लंबी दूरी तय करनी पड़ती है। जो संविधान और शासन के सस्ते एवं सुलभ न्याय की अवधारणा के खिलाफ है। उच्च न्यायालय की पश्चिमी उत्तर प्रदेश में खंडपीठ स्थापित करने की मांग को लेकर अधिवक्ता पिछले 37 वर्षों से आंदोलनरत हैं। पिछली सरकारों द्वारा सैद्घांतिक रूप से सहमति के बावजूद जनहित की इस मांग को पूरा नहीं किया जा रहा है। इसका खामियाजा पश्चिमी उत्तर प्रदेश के निवासियों को उठाना पड़ रहा है। ज्ञापन में मुख्यमंत्री से मांग पूरी कराने का आग्रह किया गया।
इस दौरान अध्यक्ष ठाकुर यशपाल सिंह, महासचिव रणवीर सिंह राठौर, हुकुम सिंह वर्मा, कृपाल सिंह, महीपाल सिंह, जगमोहन शर्मा, ज्ञान सिंह, जितेंद्र सिंह पुंडीर, भूषण प्रकाश शर्मा, अरविंद सैनी, सरोत्तन सिंह, विकेश खटाना आदि मौजूद रहे।