सहारनपुर। जनमंच प्रेक्षागृह में मिशन शक्ति के तहत महिला सम्मेलन का आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री आवास योजना से लाभान्वित महिलाओं को ‘मिशन शक्ति’ की नोडल अधिकारी आईएएस कंचन वर्मा और डूडा के परियोजना निदेशक/नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने प्रतीक के रूप में आवासों की चाबियां सौंपी। इसके अलावा रजिस्टर्ड पथ विक्रेताओं को ऋण स्वीकृति प्रमाणपत्र भी दिए गए।
जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) द्वारा नगर निगम के सहयोग से जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में 50 पात्रों आवासों का आवंटन किया गया। दस महिलाओं पिंकी, गुलिस्ता, बबीता, इमराना, तबस्सुम, कश्मीरी, कमलेश, मीना, पूनम व रेशमा को नोडल अधिकारी कंचन वर्मा ने प्रतीक के रूप में आवासों की चाबियां सौंपी। नगर निगम व डूडा में रजिस्टर्ड पथ विक्रेताओं को प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत दिए जाने वाले दस हजार के ऋण स्वीकृति प्रमाण पत्र भी सौंपे गए। प्रतीकात्मक रूप में पांच लाभार्थियों कमलेश पत्नी श्याम सिंह, रेखा, काजल, बृजपाल व कमलेश पत्नी रामकुमार को ऋण स्वीकृति पत्र दिए गए। कंचन वर्मा ने महिलाओं से आह्वान किया कि वह स्वयं सहायता समूहों का विस्तार करें। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि महिलाएं आजादी के आंदोलन से लेकर देश के विकास तक महत्वपूर्ण योगदान देती रही हैं। अंत में परियोजना अधिकारी डॉ. अनुज प्रताप सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। संचालन मोहम्मद यूनुस ने किया। कार्यक्रम में सिटी मजिस्ट्रेट सुरेश सोनी, जिला विकास अधिकारी मंशाराम यादव, जिला प्रोबेशन अधिकारी पुष्पेंद्र यादव, सीडीपीओ अनिता सोनकर, डूडा से संतोष कुमार, बृजभूषण, पूनम यादव, अर्चना और विजय वशिष्ठ आदि मौजूद रहे।

जनमंच में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेती महिलाएं- फोटो : SAHARANPUR