नानौता (सहारनपुर)। राजमिस्त्री से रविवार देर शाम लूट कर भाग रहे तीन बदमाशों की पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इनमें एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। मौके से पुलिस को लूटी गई बाइक, पांच हजार की नगदी, बदमाशों की बाइक व एक तमंचा बरामद हुआ है।
रविवार की शाम करीब छह बजे नानौता के मोहल्ला कानूनगोयान निवासी राजमिस्त्री नसीम पुत्र नसीर ग्राम बरसा में काम कर लौट रहा था। नसीम जैसे ही गंगोह रोड पर स्थित रूहाड़ा पुल के पास पहुंचा तो तीन बदमाशों ने उस पर हमला बोल दिया। इस दौरान बदमाशों ने तमंचे की बट से मारपीट कर नसीम को घायल करते हुए रुहाड़ा में फेंक दिया और उसकी बाइक, मोबाइल व पांच हजार की नकदी लूट कर फरार हो गए। इसी बीच किसी व्यक्ति ने नसीम के साथ घटी घटना को उनके परिजनों को बताया। इसके बाद उसके परिजन काफी संख्या में इकट्ठे होकर क्षेत्र में तलाश करने लगे। लूट की घटना की सूचना मिलते ही पुलिस में हड़कंप मच गया और पुलिस क्षेत्र में कांबिंग में लग गई। थानाध्यक्ष ने बताया कि बदमाशों का पीछा करते हुए पुलिस ने ग्राम औलरा जंगल में अनंतमऊ नहर पुल के पास बदमाशों को घेर लिया। जहां बदमाशों ने पुलिस पर फायर झोंक दिया। पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में एक बदमाश गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दो बदमाश मौके का फायदा उठाते हुए फरार हो गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस को घायल बदमाश के पास से लूटी गई रकम पांच हजार रुपये व बाइक तथा बदमाशों की एक बाइक और तमंचा बरामद हुआ है। मुठभेड़ में गोली लगने से घायल हुए बदमाश भूरा पुत्र मुनशाद निवासी ग्राम खानपुर गुर्जर थाना गंगोह है, जबकि फरार होने वालों में एक मुकर्रम व दूसरे का नाम पता नहीं चल सका है। थानाध्यक्ष प्रवीण कुमार ने बताया कि घायल बदमाश को उपचार हेतु सीएचसी पर भर्ती कराया गया है। बाकी फरार दो बदमाशों की तलाश के लिए क्षेत्र में कांबिंग की जा रही है।