सहारनपुर। अग्निपथ योजना के विरोध में शनिवार को युवाओं ने नारेबाजी कर जुलूस निकाला और प्रदर्शन किया। युवा नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वो अग्निपथ योजना वापस लो और ‘वर्दी दो या अर्थी दो’ आदि नारे लगा रहे थे। उन्होंने कलक्ट्रेट पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा।
शनिवार को सुबह से ही कलक्ट्रेट के गेट से लेकर डीएम कार्यालय तक अर्द्धसैनिक और पुलिस बल तैनात रहा। युवा अपराह्न करीब 11 बजे से हकीकत नगर स्थित धरना स्थल के मैदान में एकत्र होना शुरू हुए। उनकी संख्या बढ़ने के बाद पहले वहां पर तैनात पुलिस कर्मियों ने उन्हें उग्र प्रदर्शन नहीं करने के लिए समझाया। इसके बाद सिटी मजिस्ट्रेट विवेक चतुर्वेदी और सहायक पुलिस अधीक्षक प्रीति यादव ने धरना स्थल पर पहुंचकर युवाओं को समझाने का प्रयास किया। उन्होंने युवाओं से धरनास्थल पर ही ज्ञापन सौंपने का अनुरोध किया। युवाओं ने कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन करते हुए कलक्ट्रेट तक जुलूस निकालेंगे। इसके बाद वहीं पर राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। युवा नारेबाजी करते हुए कलक्ट्रेट पहुंचे। वहां पहुंचकर सिटी मजिस्ट्रेट को राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा। युवाओं ने कहा कि वे भारत सरकार द्वारा घोषित अग्निपथ योजना से संतुष्ट नहीं हैं। इससे चार वर्ष बाद युवा फिर से बेरोजगार हो जाएंगे। उन्होंने राष्ट्रपति से इस योजना को वापस लेने की मांग की। इस दौरान आकाश प्रधान, मोहित, निहाल प्रधान, आशीष, मौहम्मद मुस्तफा, अंकुर, मोहित कुमार, शिवम, कार्तिक पंवार, मुस्तफा खान, आदित्य, विशाल जांगडा, सागर आदि मौजूद रहे।

अग्निपथ योजना के विरोध में धरना स्थल पर धरना प्रदर्शन करते युवा- फोटो : SAHARANPUR

अग्निपथ योजना के विरोध में धरना स्थल पर धरना प्रदर्शन करते युवा से वार्ता करते सिटी मजिस्ट्रेट- फोटो : SAHARANPUR

अग्निपथ योजना के विरोध में धरना स्थल से कलेक्ट्रेट की और प्रदर्शन कर वर्दी दो या अर्थी दो के नारे ?- फोटो : SAHARANPUR