Saharanpur: संदिग्ध हालत में विवाहिता की मौत, गले पर मिले निशान, पति समेत सभी फरार, जांच में जुटी पुलिस
Saharanpur News : सहारनपुर में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला की मौत के बाद पति समेत सभी ससुराल वाले फरार हो गए। उधर, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
विस्तार
सहारनपुर के कोतवाली मंडी क्षेत्र की पीरवाली गली में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मौके से पति और ससुरालिए फरार हो गए। मृतका के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मायके पक्ष ने दहेज हत्या का आरोप लगाया है। विवाहिता की हत्या हुई या फिर उसने आत्महत्या की, पुलिस दोनों बिंदुओं पर जांच कर रही है।
जनपद मुजफ्फरनगर रतेड़ी निवासी सिदरा (32) की शादी डेढ़ वर्ष पूर्व कोतवाली मंडी क्षेत्र की पीरवाली गली नंबर-12 निवासी शाकिर के साथ हुई थी। रविवार की दोपहर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी कि घर में सिदरा का शव पड़ा है। पता लगते ही कोतवाली मंडी प्रभारी नेमचंद मौके पर पहुंच गए। घर से पति और मृतका की दो ननद, एक देवर व अन्य ससुरालिए फरार मिले। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फॉरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंच कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतका के मायके में घटना की सूचना दी। मायके पक्ष ने दहेज की खातिर गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।
हत्या या आत्हत्या, जांच कर रही पुलिस
एसपी सिटी ने बताया कि पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनाें बिंदुओं पर जांच कर रही है। मृतका के गले पर रस्सी के निशान मिले हैं। हो सकता है कि सिदरा का गला घोंटकर मौत के घाट उतारा गया या फिर उसने ससुरालियों से परेशान होकर आत्महत्या की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। परिजनों ने अभी तहरीर नहीं दी है।
यह भी पढ़ें: दर्दनाक: चार्जिंग पर लगा मोबाइल फटा, तेज धमाके के साथ कमरे में लगी आग, चार बच्चों की मौत, पति-पत्नी घायल
रात भी पति के साथ हुआ था झगड़ा
पुलिस के मुताबिक, सिदरा और शाकिर के बीच शादी के बाद से झगड़ा रहता था। शनिवार को भी दोनों के बीच विवाद हुआ था। मायके पक्ष के लोगों ने पुलिस को बताया कि सिदरा को पति और ससुराल वाले दहेज की खातिर ताने मारते थे। मायके से रुपये लाने की मांग करते थे। इसी के चलते सिदरा की हत्या की गई है।
यह भी पढ़ें: होली पर छाया मातम: चार मासूमों ने तड़प-तड़पकर तोड़ा दम, जिंदगी बचाने को जान पर खेले मां-बाप, वादा भी रहा अधूरा