बुझ गया चिराग: मां की गोद से उछलकर गिरा मासूम, पिता के सामने चली गई बेटे की जान, रो-रोकर बुरा हाल
Saharanpur Accident News : तेज रफ्तार कार ने एक बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक पर सवार मां की गोद में बैठा डेढ़ साल का मासूम उछलकर नीचे गिर गया। इस दौरान पिता की आंखों के सामने ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
विस्तार
सहारनपुर जनपद के बेहट में गंदेवड़-चिलकाना रोड पर कार ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर सवार मां की गोद में बैठे डेढ़ साल के मासूम की सड़क पर उछलकर गिरने से मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हुई है।
हादसा शुक्रवार की दोपहर में करीब साढ़े 12 बजे साढ़ौली घूम पर हुआ। थाना मिर्जापुर क्षेत्र के गांव ताहरपुर निवासी सारिक अपनी पत्नी नाजिया व डेढ़ साल के बेटे हैदर को बाइक पर लेकर चिलकाना रिश्तेदारी में जा रहा था। गांव साढ़ौली कदीम से पहले घूम के पास पीछे से आई तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से नाजिया की गोद में बैठा हैदर उछलकर सड़क पर जा गिरा और कार उसके ऊपर से निकल गई। हादसे में हैदर की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि नाजिया घायल हुई है। हादसे की सूचना पर बेहट पुलिस मौके पर पहुंची।
यह भी पढ़ें: UP: सास ने खून से रंगे हाथ, आठ माह की गर्भवती बहू पर सिलबट्टे से किए ताबड़तोड़ वार, मौत से मचा कोहराम
इंस्पेक्टर योगेश शर्मा ने बताया कि सारिक और घटनास्थल पर पहुंचे उसके अन्य परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से मना कर दिया। परिजनों के अनुरोध पर मृतक बच्चे के शव को पोस्टमार्टम कराये बिना ही उनकी सुपुर्दगी में दे दिया गया है।
यह भी पढ़ें: UP: किराएदार के कमरे में मिली प्रॉपर्टी डीलर की पत्नी की लाश, देखकर उड़े परिजनों के होश, जांच में जुटे अफसर