UP Elections 2022: रामपुर में अपना दल एस के प्रत्याशी के वाहन में मिली प्रचार सामग्री, वाहन सीज
उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट व आईटीआई के प्रधानाचार्य एके मधुर ने बताया कि वाहन सीज कर एनसीआर दर्ज करा दी गई है। उन्होंने बताया कि वाहन को सिर्फ चुनाव प्रचार की अनुमति थी, लेकिन वाहन में प्रचार सामग्री लेकर जाई जा रही थी, जिसके लिए अलग से अनुमति लेनी होती है।
विस्तार
गंज थाना क्षेत्र में चेंकिग कर रहे मजिस्ट्रेट ने स्वार विधानसभा सीट से अपना दल (एस) के प्रत्याशी का काफिला रोक लिया। वाहनों की चेकिंग के दौरान एक गाड़ी में प्रचार सामग्री मिली, जिसके बाद वाहन को सीज कर दिया। इस पर प्रत्याशी के समर्थक हंगामा करने लगे। मजिस्ट्रेट ने गंज कोतवाली में तहरीर दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालक व प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली।
विधानसभा चुनाव के लिए सभी दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। इसी के तहत रविवार को स्वार विधानसभा सीट से अपना दल (एस) के प्रत्याशी हैदर अली उर्फ हमजा मियां का काफिला स्वार की तरफ जा रहा था। इस बीच मंडी चौकी पास चेकिंग कर रही टीम ने काफिले को रोक लिया। वाहनों को चेक किया, तो एक वाहन में चार हजार पंपलेट निकले। इस पर मजिस्ट्रेट ने कर्मचारियों को कार्रवाई के निर्देश दिए।
अलग से नहीं ली पंपलेट की अनुमति
आरोप है कि इसके बाद प्रत्याशी के समर्थक भड़क गए और उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। टीम ने वाहन को सीज कर दिया। साथ ही गंज कोतवाली में वाहन चालक व समर्थकों के खिलाफ तहरीर दे दी, जिसके बाद पुलिस ने वाहन चालक व प्रत्याशी के समर्थकों के खिलाफ एनसीआर दर्ज कर ली है। उड़नदस्ता मजिस्ट्रेट व आईटीआई के प्रधानाचार्य एके मधुर ने बताया कि वाहन सीज कर एनसीआर दर्ज करा दी गई है। उन्होंने बताया कि वाहन को सिर्फ चुनाव प्रचार की अनुमति थी, लेकिन वाहन में प्रचार सामग्री लेकर जाई जा रही थी, जिसके लिए अलग से अनुमति लेनी होती है।