उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने विद्युत निगम के अधिकारियों के खिलाफ नाराजगी जताई। व्यापारियों ने कहा कि शहर में अंधाधुंध बिजली कटौती से कारोबार प्रभावित हो रहा है। कटौती के कारण शहर में पेयजल संकट भी गहरा सकता है। व्यापारियों ने नगर मजिस्ट्रेट को ज्ञापन सौंपकर शहर को बिजली कटौती से मुक्त करने की मांग की है।
मंगलवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप अग्रवाल सोनी के नेतृत्व में व्यापारी सिटी मजिस्ट्रेट से मिले और ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि बिजली अफसरों द्वारा शहर में अंधाधुंध कटौती की जा रही है। बिजली कटौती से आम जनता प्रभावित हो रही है। व्यापारी समाज व लघु उद्योग धंधे सभी प्रभावित हो रहे हैं। विद्युत अधिकारियों का जनता के प्रति व्यवहार भी ठीक नहीं है। पिछले काफी दिनों से चल रही कटौती से अत्यधिक परेशानी हो रही है। व्यापारियों ने कहा कि विद्युत आपूर्ति शीघ्र सुचारु नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने के लिए विवश होना पडे़गा। प्रदर्शनकारियों में जिला अध्यक्ष राजीव शर्मा, सलविंदर विराट, मंजीत सिंह सिंपल, सुदेश यादव, तरन जैन, अतुल शर्मा, प्रवीण गुज्जर, सौरभ उप्पल, अथर खान,अमन अग्रवाल, अजय गुप्ता, रजत गुप्ता, अमित गुप्ता, विजय सैनी, राहुल सैनी, राजेंद्र सैनी, दिलशाद खान, फैसल खान, अमित गुप्ता आदि मौजूद रहे।