रामपुर। पुलिस अधीक्षक ने मंगलवार की रात को वाहन चेकिंग कराई। सर्द रात में एसपी शगुन गौतम खुद सड़क पर रहे। शहर से लेकर मुरादाबाद की सीमा तक वाहनों को चेक किया गया। इस दौरान यातायात नियमों का पालन न करने वाले कई वाहन स्वामियों के चालान किए। वहीं, थाना पुलिस की ओर से भी चेकिंग की गई।
पुलिस वाहन चेकिंग पर जोर दे रही है। अपराधियों पर शिकंजा कसा जा रहा है। इसलिए, कभी दिन में और कभी रात में पुलिस वाहन चेकिंग की जा रही है। मंगलवार की देर रात को पुलिस अधीक्षक शगुन गौतम बड़ी तादात में पुलिस बल के साथ सड़कों पर आ गए। सिविल लाइंस में कई प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने वाहनों को चेक किया। इसके अलावा हाईवे पर भी वाहनों की चेकिंग की गई। सिविल लाइंस से लेकर आंबेडकर पार्क, फोटो चुंगी और कोसी पुल के पास वाहनों को चेक किया गया। इसके बाद पुलिस अधीक्षक हाईवे पर मुरादाबाद की सीमा तक गए और वाहन चेकिंग कराई। रात को वाहन चेकिंग से वाहन स्वामियों में खलबली मची रही। इस बीच यातायात नियमों का पालन न करने वालों के चालान भी काटे गए। वहीं, बुधवार को थाना स्तर पर पुलिस की ओर से वाहन चेकिंग की गई।