रामपुर। श्री श्याम फाग महोत्सव में रात भर श्रद्धालु बाबा के भजनों पर थिरकते रहे। बाबा के जयघोष से अनाज मंडी और उसके आसपास का परिसर गुंजायमान हो गया। फूलों की होली के बीच बाबा के जयकारों से माहौल भक्तिमय रहा।
अनाज मंडी में रविवार रात सप्तम श्री श्याम फाग महोत्सव का आयोजन किया गया। जिसमें बाबा का अलौकिक दरबार फूलों से सजाया गया। महोत्सव की शुरुआत के लिए पूजन पंडित अंकुर शर्मा ने किया। इसके बाद भजन गायक अश्वनी सक्सेना ने श्री गणेश वंदना, मां सरस्वती वंदना, श्री हनुमान चालीसा का पाठ किया। इसके बाद श्री श्याम बाबा के भजनों की लहर शुरू हुई जिसमें श्याम बाबा एक आस तुम्हारी है, हारे के सहारे आजा, श्याम जी पधारे हैंअंगना हमारे आदि भजन प्रस्तुत किए गए। श्री बालाजी मंडल गदरपुर से पधारे महंत जितेन्द्र दुबे ने भी श्री श्याम बाबा के साथ-साथ श्री बालाजी महाराज और श्री हनुमान जी के सुंदर-सुंदर भजन प्रस्तुत किए जिसमें प्रमुख रूप से आसरा तुम्हारा बाला जी, जिनके घर में श्याम विराजे उनको कोई चिंता नहीं, तेरी भी बनेगी बात मेरी भी बनेगी, श्याम कथा ने सभी भक्तों भाव विभोर कर दिया, भर दे रे श्याम झोली भर दे, क्या रखा बातो में आदि भजन प्रस्तुत किए। इस बीच फूलों की होली खेली गई और बाबा को 56 भोग लगाए गए। आधी रात के बाद आरती हुई और श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस दौरान जतिन सिडाना, श्याम अग्रवाल, नीरज अग्रवाल, अनुज अग्रवाल, अमित, मोहित, संजय अग्रवाल, मुनीश गुप्ता आदि मौजूद रहे।